ऋषिकेश,11 मई (आरएनएस)। तीर्थनगरी में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ली। दोपहर एक बजे ही आसमान में घना अंधेरा छा गया और तेज हवाओं के साथ गरज-चमक शुरू हो गई। करीब दस मिनट तक मूसलधार बारिश हुई, जिससे तीर्थयात्रियों और बाजार में आए लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के बाद रिमझिम फुहारें जारी रहीं। तेज हवाओं के कारण कई जगह बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। आईडीपीएल क्षेत्र में पेड़ की टहनियां बिजली लाइनों पर गिरने से बिजली गुल हो गई, जिसे ऊर्जा निगम की टीम ने तुरंत बहाल किया।
अचानक हुई बारिश से शहर की सड़कों पर जलजमाव की स्थिति बन गई। नालियों का पानी उफनकर सड़कों पर बहने लगा। पिछले सप्ताह धूप खिलने से तापमान 35 डिग्री तक पहुंच गया था, जबकि सोमवार दोपहर तक यह घटकर 29 डिग्री रह गया।
लगातार बदलते मौसम का असर लोगों की सेहत पर भी दिख रहा है। सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में रोजाना पांच सौ से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं। खांसी, जुकाम और वायरल संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। एम्स के चिकित्सक प्रोफेसर रविकांत ने बताया कि बेमौसमी बारिश से स्वास्थ्य पर असर पड़ रहा है, इसलिए खानपान और सावधानी पर विशेष ध्यान देना जरूरी है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

