उत्तरकाशी,11 मई (आरएनएस)। जनपद के दूरस्थ राजकीय हाईस्कूल गंगाड़ में वर्षों से मुख्य विषयों के शिक्षकों की नियुक्ति नहीं हो पाई है। साथ ही छात्र-छात्राओं को जर्जर भवन में सीमित कक्षों में पठन-पाठन की प्रक्रिया पूरी करनी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में कई बार शिक्षा विभाग से पत्राचार किया गया लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही है।मोरी विकासखंड के गंगाड़ गांव के ग्राम प्रधान सैन सिंह ने बताया कि उनके गांव के राजकीय हाईस्कूल में छात्र-छात्राओं की संख्या करीब 60 है। अच्छी छात्रसंख्या होने के बावजूद वहां पर सुविधाओं को अभाव है। गणित, अंग्रेजी और संस्कृत जैसे महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षकों की तैनाती वर्षों से नहीं हो पाई है। इसका असर परीक्षा परिणाम पर भी देखने को मिल रहा है। साथ ही वर्षों पुराने जर्जर भवन में छात्र-छात्राओं को पढऩे के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। खिड़कियां टूटी है तो टिनशेड कभी भी गिर सकता है। स्थिति इतनी दयनीय है कि छात्र-छात्राओं के शौचालय की भी उचित व्यवस्था नहीं है। सैन सिंह ने बताया कि इस संबंध में गांव में एक माह पूर्व हुए बहुद्देशीय शिविर में भी जिला प्रशासन को अवगत करवाया गया था। जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक शैलेंद्र अमोली का कहना है कि विद्यालय में पांच के सापेक्ष तीन शिक्षक तैनात हैं। जल्द ही वहां पर अन्य शिक्षकों की तैनाती के प्रयास किए जाएंगे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

