जांजगीर-चांपा, 14 मई (आरएनएस)। जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भवतरा में हुए चौहरे हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई। जमीन विवाद को लेकर एक ही परिवार के चार लोगों की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम भवतरा में एक परिवार के चार सदस्यों की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही शिवरीनारायण थाना पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप स्वयं घटनास्थल पहुंचे और टीम को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।जांच के दौरान पुलिस और साइबर टीम ने तकनीकी व भौतिक साक्ष्यों के आधार पर मृतक मेदनीराम कश्यप के पुत्र सोनसाय कश्यप और उसके बेटे गोलू कश्यप को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने जमीन विवाद के चलते हत्या करना स्वीकार कर लिया।पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी सोनसाय कश्यप पहले भी हत्या के मामले में जेल जा चुका है। वर्ष 2009 में उसने अपने सगे छोटे भाई की हत्या की थी, जिसमें उसे आजीवन कारावास की सजा हुई थी। करीब दो साल पहले जेल से रिहा होने के बाद उसका अपने पिता से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इलाके में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

