रायपुर,14 मई (आरएनएस)। सीजीपीएससी-2021 भर्ती मामले में हाईकोर्ट के आदेश के बाद राज्य सरकार ने 11 चयनित अभ्यर्थियों को डिप्टी कलेक्टर पद पर नियुक्ति देते हुए विभिन्न जिलों में पदस्थापना कर दी है। वहीं सीबीआई जांच के दायरे में आए 4 अभ्यर्थियों की नियुक्ति फिलहाल रोक दी गई है।दरअसल, सीजीपीएससी-2021 परीक्षा में गड़बड़ी और अनियमितता के आरोप सामने आने के बाद साय सरकार ने मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी थी। जांच के दौरान साक्ष्य मिलने पर सीबीआई ने तत्कालीन पीएससी अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी, सचिव जीवन किशोर ध्रुव समेत अन्य लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया था। मामले में टामन सिंह सोनवानी सहित चार आरोपी फिलहाल जेल में हैं।जांच लंबित होने के कारण सरकार ने चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति पर रोक लगा दी थी। इसके खिलाफ अभ्यर्थियों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। मामले की सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने निर्देश दिया कि जिन अभ्यर्थियों के खिलाफ कोई साक्ष्य नहीं हैं, उन्हें नियुक्ति दी जाए।बताया जा रहा है कि सीजीपीएससी -2021 में कुल 15 अभ्यर्थी डिप्टी कलेक्टर पद के लिए चयनित हुए थे। इनमें से 11 अभ्यर्थियों को नियुक्ति दे दी गई है, जबकि 4 अभ्यर्थियों की नियुक्ति जांच पूरी होने तक रोकी गई है। जिन अभ्यर्थियों की नियुक्ति पर रोक लगाई गई है उनमें शशांक गोयल, भूमिका कटियार, नितेश सोनवानी और सुमित ध्रुव शामिल हैं।इन जिलों में हुई पदस्थापनाजारी आदेश के मुताबिक प्रज्ञा नायक को बलरामपुर-रामानुजगंज, अनन्या अग्रवाल को दुर्ग, राणा विजय को सारंगढ़-बिलाईगढ़, अमित कुमार भारद्वाज को दंतेवाड़ा, खुशबू बिजीरा को कोरिया और नेहा खलखो को मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में पदस्थ किया गया है।वहीं प्रिंसी तम्बोली को सरगुजा, साक्षी ध्रुव को गरियाबंद, निखिल खलखो को रायगढ़, महेंद्र कुमार सिदार को नारायणपुर और राजेंद्र कुमार कौशिक को कोंडागांव जिले में डिप्टी कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

