०नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दी गई योजनाओं की जानकारी
सुकमा,24 मई (आरएनएस)। जिले में जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा लगातार अभिनव पहल की जा रही है। कलेक्टर अमित कुमार एवं जिला पंचायत सीईओ मुकुंद ठाकुर के मार्गदर्शन में नीति आयोग के तत्वावधान में शनिवार को आकांक्षी जिला कार्यक्रम के अंतर्गत छिंदगढ़ ब्लॉक के ग्राम पंचायत तालनार एवं गुमा में कला जत्था के माध्यम से विशेष जन-जागरूकता अभियान का सफल आयोजन किया गया। इस पहल ने ग्रामीणों को शासन की योजनाओं से सीधे जोडऩे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के प्रथम चरण में कला जत्था की टीम ने नुक्कड़ नाटक, प्रेरणादायी गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक करते हुए बड़ी संख्या में लोगों को एकत्रित किया। मनोरंजक और प्रभावशाली प्रस्तुतियों के जरिए शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, रोजगार एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में साझा की गई। प्रशासन की इस पहल से ग्रामीणों में योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ी तथा लोगों ने शासन की योजनाओं का लाभ लेने के प्रति उत्साह दिखाया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी स्थानीय समस्याओं एवं आवश्यकताओं पर भी गंभीरता से चर्चा की गई। प्रशासनिक टीम ने समस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसा दिलाते हुए जनसहभागिता को विकास की सबसे बड़ी ताकत बताया। समापन अवसर पर कला जत्था द्वारा प्रस्तुत सामूहिक नृत्य ने पूरे वातावरण को उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन की इस जनहितैषी पहल की सराहना करते हुए ऐसे कार्यक्रमों को गांवों में लगातार आयोजित किए जाने की मांग की।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

