मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी 24 मई (आरएनएस) सात साल पहले घर से लापता हुई बेटी की उम्मीद लगभग टूट चुकी थी, लेकिन मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी पुलिस ने “ऑपरेशन तलाश” के तहत ऐसा कमाल किया कि एक परिवार की सूनी जिंदगी में फिर खुशियां लौट आईं। थाना चिल्हाटी में वर्ष 2019 से दर्ज गुम इंसान प्रकरण में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए गुमशुदा युवती कुमारी लुभान गिरी गोस्वामी, पिता स्वर्गीय केशव गिरी गोस्वामी, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम मुड़पार थाना चिल्हाटी जिला मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी को तेलंगाना से सकुशल दस्तायाब कर लिया। जानकारी के मुताबिक युवती 27 नवंबर 2019 को दोपहर करीब 2 बजे बिना किसी को बताए घर से चली गई थी। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास हर जगह तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 28 नवंबर 2019 को थाना चिल्हाटी में गुम इंसान क्रमांक 21/2019 दर्ज कराया गया। मामला वर्षों तक चुनौती बना रहा, लेकिन पुलिस ने हार नहीं मानी। थाना चिल्हाटी पुलिस और साइबर सेल लगातार तकनीकी इनपुट, संपर्क सूत्रों और संभावित ठिकानों पर नजर बनाए हुए थे। राजनांदगांव रेंज के आईजी द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन तलाश” अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पीतांबर पटेल और एसडीओपी ताजेश्वर दीवान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक संजय मरावी के नेतृत्व में टीम ने लगातार प्रयास जारी रखे। आखिरकार 24 मई 2026 को तेलंगाना राज्य के सगरडीह जिले के थाना बीडीएल भानूर अंतर्गत ग्राम नदी गांव में युवती का पता चला और पुलिस ने उसे सुरक्षित बरामद कर लिया। आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद युवती को परिजनों के सुपुर्द किया जा रहा है। फिलहाल, इस सफलता ने साबित कर दिया कि पुलिस की लगातार कोशिशें कई बिछड़े परिवारों को फिर से जोड़ सकती हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

