सुकमा,24 मई (आरएनएस)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बस्तर अभियान (बस्तर मुन्ने) एवं सुशासन तिहार के तहत जिले में प्रशासन आमजन तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए संवेदनशील पहल कर रहा है। शनिवार को दोरनापाल शहरी क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 70 वर्ष से अधिक आयु के ऐसे वरिष्ठ नागरिकों के घर पहुंचकर आयुष्मान वय वंदन कार्ड बनाए, जो चलने-फिरने में असमर्थ हैं। इस अभिनव पहल से बुजुर्गों को घर बैठे स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिल रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर आयुष्मान वय वंदन योजना के कार्ड बना रही है, ताकि कोई भी पात्र हितग्राही योजना के लाभ से वंचित न रहे। दोरनापाल निवासी आत्माराम साहू को भी उनके घर जाकर वय वंदन कार्ड बनाकर प्रदान किया गया। स्वास्थ्य विभाग की इस संवेदनशील कार्यशैली से वे बेहद भावुक और खुश नजर आए। उन्होंने शासन और प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें इलाज कराने के लिये पैसों की चिंता नहीं होगी। आयुष्मान वय वंदन योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों को 5 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता एवं कैशलेस उपचार की सुविधा प्रदान की जाती है। छत्तीसगढ़ सरकार की यह कल्याणकारी पहल न केवल बुजुर्गों को सम्मान और सुरक्षा का एहसास करा रही है, बल्कि यह भी साबित कर रही है कि सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंच रही हैं। सुकमा जिले में प्रशासनिक संवेदनशीलता और जनसेवा की यह मिसाल लोगों के बीच भरोसे को और मजबूत कर रही है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

