बिलासपुर 24 मई (आरएनएस) मोबाइल की स्क्रीन पर चल रहा था करोड़ों के खेल का काला धंधा, लेकिन बिलासपुर पुलिस की रेड ने “खिलाड़ी बुक” के पूरे नेटवर्क को हिला दिया। मंगला इलाके में ऑनलाइन सट्टे का अड्डा बनाकर अलग-अलग खेलों पर दांव लगवा रहे सटोरियों को सिविल लाइन पुलिस ने दबोच लिया। कार्रवाई इतनी तगड़ी रही कि मौके से 13 लाख 48 हजार रुपये नगद, 27 एटीएम कार्ड, 5 मोबाइल फोन, एक टाटा कार और स्कूटी समेत कुल 22 लाख 63 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि सट्टे की रकम अलग-अलग खातों और माध्यमों से आगे पहुंचाई जा रही थी। मामले में गिरफ्तार आरोपी संतोष जसवानी पिता स्वर्गीय हरिलाल जसवानी उम्र 34 वर्ष निवासी हेमुनगर तोरवा हाल मुकाम रोमन हाईट्स गंगानगर फेस-02 मंगला थाना सिविल लाइन बिलासपुर, करन श्रीवास पिता देवी प्रसाद श्रीवास उम्र 20 वर्ष निवासी पानी टंकी के पास नयापारा सिरगिट्टी बिलासपुर, आशीष जसवानी पिता अमेश उम्र 20 वर्ष निवासी बी.आर. हॉस्पिटल के पास बिलासपुर तथा एक विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एचडीएफसी बैंक के पास आरोपी मोबाइल फोन के जरिए “खिलाड़ी बुक” नामक ऑनलाइन पैनल से सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस ने घेराबंदी कर रेड मारी और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर दिया। जांच में सामने आया कि आरोपी संतोष जसवानी सट्टे की रकम आशीष जसवानी के माध्यम से आगे पहुंचा रहा था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी, मोबाइल, एटीएम कार्ड और वाहन जब्त कर धारा 7(2) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम एवं धारा 112 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। वहीं फरार सटोरिये रोहित पंजवानी, सागर चेतवानी और राज चेतानी के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी कर लगातार दबिश दी जा रही है। बहरहाल, बिलासपुर पुलिस का साफ संदेश है कि ऑनलाइन सट्टे की दुनिया में अब हर डिजिटल दांव पुलिस की रडार पर है।


