राम चरण की फिल्म पेद्दी 4 जून को रिलीज हुई. फिल्म को मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली और यह कुछ विवादों में भी घिरी रही. बुची बाबू सना की निर्देशित और वृद्धि सिनेमाज बैनर के तहत वेंकट सतीश किलारू द्वारा निर्मित इस स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म में जाह्नवी कपूर मुख्य अभिनेत्री की भूमिका में हैं. पेद्दी ने अपने पहले वीकेंड में लगातार अच्छी कमाई के साथ सिनेमाघरों में अपनी दौड़ जारी रखी. इस फिल्म की कमाई में रविवार यानी 7 जून को को बढ़ोतरी हुई, जिससे यह फिल्म रिलीज के चार दिनों के भीतर ही भारत के बॉक्स ऑफिस पर 150 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने में सफल रही.
फिल्म की शुरुआत 3 जून को पेड प्रीमियर के साथ हुई, सैकनिल्क के अनुसार, प्रीमियर के दिन फिल्म ने पेड प्रीव्यू से 18.50 करोड़ रुपये की कमाई की. इसके बाद 4 जून को फिल्म ने पहले दिन 51 करोड़ की शानदार कमाई की. शुक्रवार को कमाई घटकर 26.90 करोड़ रुपये हो गई, लेकिन वीकेंड पर इसमें सुधार के संकेत दिखे. शनिवार को 28.85 करोड़ रुपये की कमाई हुई, जबकि रविवार ओपनिंग डे के बाद सबसे ज्यादा कमाई वाला दिन रहा.
फिल्म ने अपने पहले रविवार को अच्छे आंकड़े दर्ज किए. सैकनिल्क के अनुसार, फिल्म ने चौथे दिन भारत भर में 9068 शो से अनुमानित 31.90 करोड़ रुपये की नेट कमाई की. रविवार के आंकड़े शनिवार की कमाई की तुलना में लगभग 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी दिखाते हैं. इसके साथ ही, फिल्म की कुल भारत ग्रॉस कमाई लगभग 187.02 करोड़ रुपये हो गई है, जबकि नेट कमाई 157.15 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है.
फिल्म ने विदेशी बाजारों में भी अपनी पकड़ बनाए रखी. मेकर्स ने सोमवार, 8 जून को पेद्दी के वर्ल्डवाइड कलेक्शन को सोशल मीडिया पर साझा किया है. मेकर्स के मुताबिक, रविवार को इसने दुनियाभर में लगभग 55.8 करोड़ की ग्रॉस कमाई की, जिससे इसकी कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 292.5 करोड़ रुपये हो गई.
बुची बाबू सना के निर्देशन में बनी पेद्दी एक स्पोर्ट्स एक्शन ड्रामा फिल्म है, जिसमें राम चरण मुख्य भूमिका में हैं. फिल्म की कास्ट में जाह्नवी कपूर, शिवा राजकुमार, जगपति बाबू, दिव्येंदु शर्मा और बोमन ईरानी भी अहम भूमिकाओं में हैं. इस प्रोजेक्ट को वेंकटा सतीश किलारू ने वृद्धि सिनेमाज बैनर के तहत प्रोड्यूस किया है, और ईशान सक्सेना इसके को-प्रोड्यूसर हैं.
फिल्म को मैथ्री मूवी मेकर्स और सुकुमार राइटिंग्स ने पेश किया है. एकेडमी अवॉर्ड विजेता कंपोजर ए.आर. रहमान ने इसका साउंडट्रैक और बैकग्राउंड स्कोर तैयार किया है, जबकि सिनेमैटोग्राफी रत्नावेलु ने और एडिटिंग नवीन नूली ने की है.
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

