नईदिल्ली,09 जून। भारतीय क्रिकेट टीम के स्पिनर मानव सुथार ने अफगानिस्तान क्रिकेट टीम की पहली पारी में 6 विकेट चटकाए। अपने डेब्यू टेस्ट में उन्होंने मुल्लांपुर स्टेडियम में निरंतर कसी हुई गेंदबाजी से प्रभावित किया और विपक्षी बल्लेबाजों को परेशान किया। उनकी उम्दा गेंदबाजी के चलते अफगानी टीम 152 रन बनाकर सिमट गई। पहली पारी के आधार पर 412 रन से पिछडऩे वाली अफगान टीम को फॉल-ऑन खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा।
बाएं हाथ के स्पिनर सुथार ने मैच के दूसरे दिन के दौरान अब्दुल मलिक (16), रहमानुल्लाह गुरबाज (12) और अफसर जजई (3) के विकेट लिए। पहले दिन अपनी फिरकी से प्रभाव छोडऩे वाले सुथार ने दूसरे दिन के पहले सत्र में शराफुद्दीन अशरफ (11), रहमत शाह (60) और मोहम्मद सलीम साफी (0) को पवेलियन की राह दिखाई। उन्होंने 22 ओवर में 33 रन देते हुए ये 6 सफलताएं हासिल की।
सुथार अपने टेस्ट करियर के पहले मैच पर 5 विकेट हॉल लेने वाले कुल 10वें भारतीय गेंदबाज बने हैं। स्पिनरों में वह डेब्यू में ऐसा कारनामा करने वाले 7वें भारतीय बने हैं। इसके अलावा 23 साल के सुथार अब डेब्यू टेस्ट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले भारतीय गेंदबाजों की सूची में शुमार हुए। डेब्यू करते हुए उनसे बेहतर प्रदर्शन सिर्फ नरेंद्र हिरवानी (8/61 और 8/75 बनाम वेस्टइंडीज, 1988) ने किया था।
सुथार घरेलू क्रिकेट में राजस्थान क्रिकेट टीम के लिए खेलते हैं। उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 30 मुकाबले खेले हैं और इसकी 53 पारियों में लगभग 25 की औसत से 130 से अधिक विकेट चटकाए हैं। उन्होंने 8 बार 4 विकेट हॉल और 7 बार 5 विकेट हॉल लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 8/33 का रहा है। बाएं हाथ के स्पिनर ने 2022 में अपने प्रथम श्रेणी करियर की शुरुआत की थी।
एकमात्र टेस्ट में भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी 564/8 के स्कोर पर घोषित की थी। इसके जवाब में अफगानिस्तान की पारी 58.4 ओवर में 152 रन पर सिमट गई। मेहमान टीम से रहमत ने 135 गेंदों में 60 रन की पारी खेली। उनके अलावा कोई अन्य बल्लेबाज 30 रन का आंकड़ा भी नहीं छू सका। भारत की ओर से प्रसिद्ध कृष्णा ने 3 और वाशिंगटन सुंदर ने एक सफलता हासिल की।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

