नईदिल्ली,09 जून। अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के अनुभवी बल्लेबाज रहमत शाह ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ एकमात्र टेस्ट की अपनी पहली पारी में 60 रन बनाए। यह उनके टेस्ट करियर का कुल छठा और भारत के खिलाफ पहला ही अर्धशतक साबित हुआ। इस पारी के दौरान उन्होंने अपने 1,000 टेस्ट रन भी पूरे किए। मुल्लांपुर टेस्ट में रहमत को छोड़कर अन्य अफगानी बल्लेबाजों ने निराश किया और पूरी टीम 152 रन पर सिमट गई।
अफगानिस्तान ने 40 रन के स्कोर पर अपना दूसरा विकेट खोया, तब रहमत क्रीज पर आए। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने भारतीय गेंदबाजों का डटकर सामना किया। एक छोर से अफगानी बल्लेबाजों के विकेट निरंतर गिरते रहे, जबकि दूसरी छोर से रहमत ने रन बनाना जारी रखा। उन्होंने कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी (20) के साथ मिलकर 36 रन की साझेदारी की। टिककर बल्लेबाजी कर रहे रहमत 135 गेंदों में 60 रन बनाकर आउट हुए।
रहमत अफगानिस्तान के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने अपने 12वें टेस्ट मैच में 1,000 रन का आंकड़ा पार किया। इस दौरान उनकी औसत 45 से अधिक की रही है। रहमत ने टेस्ट करियर में 9 बार 50 से ज्यादा रन बनाए हैं, जिसमें 3 शतक शामिल हैं। उनका टेस्ट क्रिकेट में सर्वोच्च स्कोर 234 रन है, जो उन्होंने 2024 में जिम्बाब्वे के खिलाफ बुलावायो में बनाया था।
एकमात्र टेस्ट में भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी 564/8 के स्कोर पर घोषित की थी। इसके जवाब में अफगानिस्तान की पारी 58.4 ओवर में 152 रन पर सिमट गई। मेहमान टीम से रहमत के अलावा कोई अन्य बल्लेबाज 30 रन का आंकड़ा भी नहीं छू सका। भारत की ओर से अपना डेब्यू कर रहे मानव सुथार ने 6 विकेट लिए। वहीं, प्रसिद्ध कृष्णा ने 3 और वाशिंगटन सुंदर ने एक सफलता हासिल की।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

