नईदिल्ली,09 जून। सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड को ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के बांग्लादेश दौरे (वनडे और टी-20 सीरीज) के लिए छुट्टी मिल गई है। यह फैसला सनराइजर्स हैदराबाद के साथ उनके आईपीएल 2026 में हिस्सा लेने के बाद लिया गया है। वहीं, टीम के नियमित कप्तान मिचेल मार्श भी वनडे सीरीज में नहीं खेल पाएंगे क्योंकि वे अभी भी टखने की चोट से उबर नहीं सके हैं। ऐसे में जोश इंग्लिस ही टीम की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे।
ऑस्ट्रेलिया टीम के प्रमुख चयनकर्ता टोनी डोडेमेड के अनुसार, हेड को शुरू में बांग्लादेश के खिलाफ वनडे और टी-20 दोनों सीरीज के लिए चुना गया था, लेकिन उन्हें दोनों के लिए पर्सनल लीव दी गई है। वहीं, टखने की चोट से समय पर ठीक न हो पाने के कारण मार्श टीम में शामिल नहीं हो पाए हैं, हालांकि, वह टी-20 सीरीज की तैयारी के लिए ढाका में ग्रुप के साथ जुड़ेंगे।
डोडेमेड ने आगे कहा हम पहली बार वनडे टीम में टॉड मर्फी का स्वागत करने के लिए उत्साहित हैं। वह तनवीर संघा की जगह लेंगे, जिन्हें लाहौर में दूसरे वनडे के दौरान हैमस्ट्रिंग की चोट लगी थी। अब तक 7 टेस्ट खेल चुके मर्फी इस साल की शुरुआत में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में वापस आए थे। उन्हें एशेज के दौरान टीम में वापस बुलाया गया था, लेकिन तब उन्हें प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिला था।
वनडे सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम: जेवियर बार्टलेट, एलेक्स कैरी, कूपर कॉनॉली, बेन ड्वारशुइस, नाथन एलिस, कैमरून ग्रीन, जोश इंग्लिस (कप्तान), मैथ्यू कुहनेमैन, मार्नस लाबुशेन, टॉड मर्फी, ओली पीक, मैथ्यू रेनशॉ, लियाम स्कॉट, मैट शॉर्ट, और एडम जैम्पा। टी-20 सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया की टीम: मिचेल मार्श (कप्तान), ज़ेवियर बार्टलेट, कूपर कॉनॉली, टिम डेविड, जोएल डेविस, नाथन एलिस, कैमरन ग्रीन, एरन हार्डी, जोश इंग्लिस, स्पेंसर जॉनसन, मैथ्यू कुहनेमैन, राइली मेरेडिथ, जोश फिलिप, मैथ्यू रेनशॉ, और एडम जैम्पा।
सीरीज के वनडे मुकाबले 9, 11 और 14 जून को होंगे। ये सभी मैच ढाका के शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेले जाएंगे। साल 2011 के बाद यह पहला मौका होगा जब कंगारू टीम बांग्लादेश की धरती पर कोई वनडे सीरीज खेलती हुई नजर आएगी। इसके बाद बांग्लादेश क्रिकेट टीम के खिलाफ टी-20 सीरीज होगी। ये मैच 17, 19 और 21 जून को चटगांव के मतीउर रहमान स्टेडियम में होंगे।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

