वाशिंगटन,09 जून। ईरान और इजरायल के बीच शुरू हुए हमलों ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को काफी असहज कर दिया है। सूत्रों ने बताया कि उन्होंने ईरान पर हमले रोकने के लिए इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को चेतावनी तक दी है। वेबसाइट ने राष्ट्रपति ट्रंप के हवाले से बताया कि उन्होंने नेतन्याहू को साफ चेतावनी दी है कि अगर वह ईरान पर हमले नहीं रोकते हैं तो वह बहुत जल्द उनका साथ छोड़ देंगे।
ट्रंप ने बताया कि उन्हें 5 अलग-अलग देशों से फोन आए थे, जिसमें उनसे नेतन्याहू पर दबाव डालने के लिए कहा गया था ताकि वह हमले बंद कर दें। ट्रंप ने कहा, ये देश बहुत चिंतित थे। उन्हें वह समझौता बहुत पसंद आया, जिस पर हम बातचीत कर रहे थे। ट्रंप ने दावा किया कि उनके प्रशासन को सोमवार सुबह ईरानियों से संदेश मिला कि अगर इजरायल हमले बंद करे तो वे गोलीबारी बंद करने को तैयार हैं।
सूत्रों ने बताया कि ट्रंप ने नेतन्याहू से कहा, बिबी, तुम सावधान रहना, वरना बहुत जल्द तुम अकेली रह जाओगे। इसके बाद नेतन्याहू इस शर्त पर पीछे हटने को तैयार हुए कि ईरानी हमला नहीं करेंगे और फोन कॉल के बाद, नेतन्याहू ने अपने वरिष्ठ सैन्य कमांडरों को हमले रोकने को कहा दिया। ट्रंप ने कहा कि हमले को रोककर ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकने में मदद मिल सकेगी, जो एक अभूतपूर्व समझौता है।
इजरायली रक्षा बलों ने लेबनान के बेरूत पर हमला करने से पहले व्हाइट हाउस को सूचना न देकर अमेरिकी केंद्रीय कमान (सेंटकॉम) को सूचना दी थी। इसके बाद ट्रंप ने जब नेतन्याहू से बात की तो नेतन्याहू ने कहा कि ईरानी हमले का जवाब न देना इजरायल, अमेरिका और ट्रंप के समझौते के लिए भी बुरा होगा। तब ट्रंप ने नेतन्याहू को जल्द समझौता होने की बात कहकर हमले रोकने को कहा था। उस दिन की बातचीत काफी शांत थी।
पिछले दिनों लेबनान पर इजरायली हमले के बाद ईरान ने अमेरिका के शांति वार्ता से पीछे हटने की बात कही, जिससे ट्रंप नेतन्याहू पर काफी नाराज हुए थे। ट्रंप ने फोन पर नेतन्याहू को कहा, तुम बिलकुल पागल हो। अगर मैं न होता तो तुम जेल में होते। मैं तुम्हारी जान बचा रहा हूं। हर कोई तुमसे नफरत करता है और इसीलिए सब इजरायल से नफरत करते हैं। उन्होंने नेतन्याहू पर चिल्लाते हुए कहा, तुम आखिर कर क्या रहे हो?
न्यूयॉर्क के जॉन एफ कैनेडी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार रात को पत्रकारों ने ट्रंप से नेतन्याहू से हुई बातचीत को लेकर सवाल किया। इस पर ट्रंप ने कहा कि ईरान ने हमला किया था, तो इजरायल ने भी पलटवार किया, जिसके लिए वह नेतन्याहू को दोष नहीं दे सकते हैं। ट्रंप ने कहा कि अब दोनों लोग एक हफ्ते या उससे ज्यादा समय तक एक-दूसरे को परेशान नहीं करेंगे, वे उनके कहने पर हमले रोकने पर सहमत हुए हैं।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

