धमतरी 9 जून (आरएनएस) बैंक लूट, ठगी और सुरक्षा चूक की आशंकाओं पर लगाम कसने के लिए धमतरी पुलिस ने जिलेभर में बड़ा सुरक्षा अभियान छेड़ दिया। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर सभी राष्ट्रीयकृत और निजी बैंक शाखाओं में एक साथ औचक निरीक्षण किया गया। इस विशेष अभियान का उद्देश्य बैंकिंग व्यवस्था को और सुरक्षित बनाना तथा किसी भी संभावित आपराधिक घटना से पहले सुरक्षा व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का आकलन करना था।
एसपी के निर्देश के बाद जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्र के बैंकों का भौतिक सत्यापन किया। निरीक्षण के दौरान बैंक परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, कवरेज, अलार्म सिस्टम, सुरक्षा गार्डों की तैनाती, मुख्य प्रवेश और निकास द्वार, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता तथा आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन जांच की गई। जहां भी सुरक्षा में सुधार की आवश्यकता महसूस हुई, वहां बैंक प्रबंधन को तत्काल आवश्यक सुझाव और निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने बैंक प्रबंधकों, कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों को संदिग्ध व्यक्तियों पर लगातार नजर रखने, नकदी के सुरक्षित परिवहन, सीसीटीवी सिस्टम का नियमित रखरखाव तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना को देने के निर्देश दिए। साथ ही आपात स्थिति में बिना देर किए पुलिस सहायता लेने और सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करने की भी सलाह दी गई।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया कि बैंक, एटीएम और अन्य वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे सरप्राइज निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। बहरहाल, सतर्क पुलिस और मजबूत सुरक्षा व्यवस्था ही सुरक्षित बैंकिंग और आम नागरिकों के विश्वास की सबसे बड़ी गारंटी है।


