देहरादून,09 जून(आरएनएस)। पर्वतीय कल्याण समिति से जुड़े लोगों ने मोहनपुर, स्मिथनगर, प्रेमनगर की बदहाल की सड़कों की मरम्मत करने की मांग की है। समिति से जुड़े लोगों ने इसके लिए पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड के अधिकारियों से मिलकर जल्द काम शुरू करने की मांग की है। समिति के महासचिव वीरू बिष्ट के नेतृत्व में पहुंचे पदाधिकारियों और स्थानीय निवासियों ने विभाग को अवगत कराया कि मोहनपुर, स्मिथनगर और राघव विहार की मुख्य व आंतरिक सड़कें लंबे समय से जर्जर हैं। जगह-जगह गहरे गड्ढे होने के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। कहा कि यदि मानसून से पहले इन सड़कों का पुन: निर्माण और डामरीकरण नहीं किया गया, तो बारिश में जलभराव और कीचड़ के कारण स्थिति भयावह हो जाएगी। इससे स्कूली बच्चों और बुजुर्गों का पैदल चलना भी दूभर हो जाएगा। इस मौके पर पर्वतीय कल्याण समिति के वरिष्ठ पदाधिकारी जे.पी. लखेड़ा, वी.पी. कुंडलियां, सत्यनारायण नेगी, संरक्षक बलवान सिंह रावत, अनिल पैन्यूली, एस.के. गौड़, उमाकांत जोशी और सुरेन्द्र सिंह कंडारी आदि मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

