देहरादून,09 जून(आरएनएस)। देहरादून में फर्जी आधार कार्ड बनाकर सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने के गंभीर आरोपों का मामला सामने आया है। सामाजिक कार्यकर्ता एवं आरटीआई एक्टिविस्ट रीता सूरी ने इस मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत में बताया कि उन्होंने जिला न्यायालय में वाद दायर किया है, जिसमें देहरादून के इंद्रेश नगर, कांवली रोड निवासी एक परिवार के छह सदस्यों पर कूटरचना कर फर्जी दस्तावेज तैयार करने और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने का आरोप लगाया गया है। रीता सूरी का दावा है कि आरटीआई के माध्यम से प्राप्त दस्तावेजों और नगर निगम से जुटाए गए अभिलेखों के आधार पर परिवार के विभिन्न सदस्यों की जन्मतिथियों में विरोधाभास सामने आया है। आरोप है कि आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों में अलग-अलग जन्मतिथियां दर्ज कर सरकारी लाभ प्राप्त किए गए। बताया कि 23 मई को जिला न्यायालय में प्रस्तुत साक्ष्यों और दस्तावेजों के अवलोकन के बाद न्यायालय ने मामले को प्रथम दृष्टया गंभीर मानते हुए संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध केस दर्ज करने तथा नोटिस जारी करने के आदेश दिए हैं। रीता सूरी ने कहा कि भ्रष्टाचार और फर्जीवाड़े के खिलाफ उनका संघर्ष जारी रहेगा तथा मामले की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

