रायपुर, 09 जून (आरएनएस)। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में बड़ा खुलासा करते हुए पीडि़ता के दादा समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दुष्कर्म के मामले को दबाने के लिए आरोपियों से 1.30 लाख रुपये की रकम ली गई थी।जानकारी के अनुसार, चौकी सिलयारी क्षेत्र में 18 अप्रैल 2026 को दर्ज दुष्कर्म प्रकरण की गहन विवेचना के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले। जांच में पता चला कि पीडि़ता के दादा ने आरोपी ईश्वर घृतलहरे के परिजनों से घटना को छिपाने के एवज में 1 लाख 30 हजार रुपये नकद प्राप्त किए थे। इस लेन-देन का वीडियो भी सामने आया है। इतना ही नहीं, दूसरे आरोपी को फोन कर धमकाने की बात भी जांच में उजागर हुई है।पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच के दौरान पीडि़ता के दादा ने अपनी नातिन के साथ किसी भी प्रकार की घटना होने से इनकार किया था। बाद में शासन से मिलने वाली सहायता राशि की जानकारी मिलने पर उन्होंने मामले की पुन: जांच कराने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया।
मामले में गंभीर लापरवाही और धन लेकर अपराध दबाने के आरोप में पुलिस ने पीडि़ता के दादा, सीताराम मेडिकल स्टोर के संचालक चन्द्रशेखर यदु और टुकेन्द्र वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी दादा के पास से 1 लाख रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं, दुष्कर्म के दोनों मुख्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मामले की जांच जारी है।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

