रायपुर, 11 नवंबर (आरएनएस)। दिल्ली में हुए ब्लास्ट की घटना पर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने चिंता व्यक्त की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि देश की राजधानी में इस तरह की घटना बेहद गंभीर है और केंद्र सरकार को इसका सख्त और ठोस जवाब देना चाहिए।
दीपक बैज ने कहा कि जब से मोदी सरकार सत्ता में आई है, तब से पुलवामा, पठानकोट और पहलगाम जैसी कई आतंकी घटनाएं देश में हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं राष्ट्रीय सुरक्षा व्यवस्था में *कमजोरी और लापरवाही का परिणाम प्रतीत होती हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जब भाजपा विपक्ष में थी, तब हर आतंकी हमले पर तत्कालीन सरकार पर सवाल उठाए जाते थे, लेकिन अब जब ऐसी घटनाएं बार-बार हो रही हैं, तो केंद्र सरकार अपनी जिम्मेदारी से बचती नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और गृहमंत्री ने दोषियों को कड़ी सजा देने की बात कही है, लेकिन अब तक किसी भी बड़े हमले के पीछे के जिम्मेदार लोगों को *सजा नहीं मिल पाई है।* पुलवामा हमले से लेकर पहलगाम तक, जनता आज भी यह जानना चाहती है कि इन घटनाओं के पीछे कौन था और जांच का क्या परिणाम निकला।
दीपक बैज ने कहा कि केंद्र सरकार को केवल बयानबाजी तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि देश की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मजबूत और निर्णायक कदम उठाने चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

