(अयोध्या)आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान को लेकर कार्यशाला आयोजित
- 29-Sep-25 12:00 AM
- 0
- 0
पूरा बाजार-अयोध्या 29 सितंबर (आरएनएस )। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत सोमवार को ब्लॉक मुख्यालय के सभागार में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला अध्यक्ष प्रमुख संघ शिवेंद्र सिंह मौजूद रहे। शिवेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं ग्रामीण अंचल तक पहुँच रही हैं और प्रत्येक वर्ग को उनका लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य केवल आर्थिक मजबूती तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, कृषि सुधार और स्वरोजगार जैसे सभी क्षेत्रों में प्रगति का संकल्प निहित है। भाजपा नेता लक्ष्मी सिंह ने कहा कि गांव और किसान आत्मनिर्भर भारत की रीढ़ हैं। जब तक ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत नहीं होगी, तब तक आत्मनिर्भरता का सपना अधूरा रहेगा। जिला पंचायत सदस्य देवता पटेल ने कहा कि युवाओं को सरकार की योजनाओं से जोड़कर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ाना भाजपा का प्रमुख लक्ष्य है। कार्यशाला में संतोष सिंह सहित अन्य भाजपा पदाधिकारियों ने भी विचार रखे और कार्यकर्ताओं को आत्मनिर्भर भारत अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने अपील की कि हर कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर योजनाओं का प्रचार-प्रसार करे, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। इस मौके भाजपा नेता शारदा यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को धरातल पर उतारने का प्रण लिया।
Related Articles
Comments
- No Comments...