(अयोध्या)घर का ताला तोड़कर लाखों के जेवरात व नगदी ले उड़े चोर

  • 24-Sep-25 12:00 AM

मिल्कीपुर-अयोध्या 24 सितंबर (आरएनएस)। नगर पंचायत कुमारगंज के नेमा का पुरवा में बुधवार की सुबह अज्ञात चोरों ने एक घर में ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात और नगदी चुरा ली। पीडि़त नवशाद, पुत्र शहजाद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि घटना बुधवार तड़के करीब 3 बजे के बाद हुई। चोरों ने उनके घर के पीछे से दीवार फांदकर कमरे का ताला तोड़ा और बक्से से कीमती सामान चुरा लिया। चोरों ने उनके घर से चोटी का फूल, बिछिया, पाजेब, नथुनी चुराए। इसके अलावा, उनके भाई अंसार के घर से सोने की लॉकेट, झुमकी, दो अंगूठियां, सोने की चेन और कान के फूल व 25 हजार नगद भी चोरी कर लिए गए। कुल मिलाकर, चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। लोगों के अनुसार, नवशाद का मकान गांव के किनारे स्थित है, जो चोरों के लिए आसान निशाना बन गया। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य बरामदे में सो रहे थे। चोरों ने घर के पीछे की दीवार फांदकर कमरे में प्रवेश किया और ताला तोड़कर बक्से से सामान चुरा लिया। इसके बाद चोर अंसार के घर में भी घुस गए, लेकिन वहां कुछ आवाज होने पर घरवाले जाग गए। हल्ला-गुहार सुनकर चोर मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों का कहना है कि चोरों ने घर के पीछे स्थित बाग का फायदा उठाया और अंधेरे में गायब हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार ताला तोड़ते हुए घर की महिला ने देखा लेकिन डर बस में कुछ बोल नहीं पाई। थानाध्यक्ष कुमारगंज ओमप्रकाश ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने नवशाद की तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि पुलिस आसपास के क्षेत्रों में संदिग्धों की तलाश कर रही है और जल्द ही चोरों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।




Related Articles

Comments
  • No Comments...

Leave a Comment