(अयोध्या)वाल्मीकि जयंती पर होगा विशाल कवि सम्मेलन

  • 26-Oct-23 12:00 AM

- राष्ट्रीय कवि संगम द्वारा राम की पौड़ी पर आयोजित होगा दो दिवसीय कार्यक्रमअयोध्या 26 अक्टूबर (आरएनएस)। कविता की शक्ति से राष्ट्र जागरण का उद्देश्य लेकर निरंतर कार्य कर रहे राष्ट्रीय कवि संगम द्वारा भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा समारोह के पूर्व आदि-कवि महर्षि वाल्मीकि की जयंती पर अयोध्या में राष्ट्रीय अधिवेशन एवं विशाल राष्ट्रीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर परमार्थ निकेतन ऋषिकेश के चिदानंद मुनि, संघ के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार , राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चम्पत राय एवं उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का सानिध्य प्राप्त होगा। यह बातें राष्ट्रीय कवि संगम के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश मित्तल एवं अयोध्या के महापौर महंत गिरीश पति त्रिपाठी ने संयुक्त पत्रकार वार्ता में बताई। महापौर महंत श्री गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि यह हमारे लिए गौरव का विषय है कि डॉ. हरिओम पवार, सुदीपभोला, डॉ. अशोक बत्रा, राजेश चेतन, योगेन्द्र शर्मा, कमलेश मौर्य मृदु, डॉ. रुचि चतुर्वेदी, महेश शर्मा इत्यादि भारत के 25 प्रांतों से लगभग 400 से अधिक राष्ट्रीय स्तर पर ख्यातिलब्ध राष्ट्रीय विचारधारा से परिपुष्ट कवियों का आगमन आदि कवि भगवान वाल्मीकि के जयंती के अवसर पर अयोध्या में हो रहा है स 28 अक्टूबर शनिवार को आदि कवि वाल्मीकि की जयंती के अवसर पर राम की पैड़ी अयोध्या पर एक विशाल कवि सम्मेलन का भी आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश मित्तल ने बताया कि राष्ट्र जागरण को समर्पित राष्ट्रीय कवि संगम का गठन वाल्मीकि जयंती के अवसर पर वर्ष 2006 में किया गया। आज संगठन का कार्य देश के लगभग सभी प्रांतों सहित विश्व के आठ प्रमुख देशों में पहुँच गया है। इस कार्य में निवृत्त शंकराचार्य स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि, वरिष्ठ साहित्यकार नरेन्द्र कोहली, रामायण धारावाहिक के संगीतकार- गीतकार रवीन्द्र जैन जैसी विभूतियों का भी संरक्षण मिलता रहा है तथा वर्तमान में इंद्रेश जी का मार्गदर्शन व स्वामी चिदानंद, राज्य सभा सांसद पं सुधांशु त्रिवेदी तथा सुप्रसिद्धओजकवि डॉ. हरिओम पंवार का संरक्षण प्राप्त है। हम सभी का सौभाग्य है कि इस वर्ष राष्ट्रीय कवि संगम का राष्ट्रीय अधिवेशन अयोध्या में आयोजित हो रहा है स इसके पूर्व अध्यात्म साधना केंद्र, महरौली, प्रयागराज, योग ग्राम हरिद्वार, माउंट आबू, वृंदावन, रायपुर व हरिद्वार में अब तक 9 राष्ट्रीय अधिवेशन संपन्न हो चुके हैं। दशम राष्ट्रीय अधिवेशन अयोध्या में वाल्मीकि जयंती के अवसर पर दि. 28 से 29 अक्टूबर तक आयोजित होने जा रहा है। वर्ष 2021 में गठित विश्व विभाग के प्रभारी श्री सुदीप भोला तथा सह-प्रभारी स्वाति खुशबू के प्रयासों से आशीष मिश्रा लंदन, संजीव अग्रवाल अटलांटा, कपिल कुमार बेल्जियम, अविनाश माथुर ओमान, पूजा राजपूत यूके, जितेंद्र कुमार अफ्रीका रीजन, अर्चना पांडा केलिफोर्निया तथा अभिनव शुक्ल अमेरिका में राष्ट्रीय कवि संगम की गतिविधियों का संचालन कर रहे हैं। पत्रकार वार्ता के अवसर पर अवध प्रांत के महामंत्री रवि तिवारी, जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी, जिला महामंत्री अनुजेंद्र तिवारी, उपाध्यक्ष दुर्गेश दुर्लभ, श्रीनिवास शास्त्री, चंद्रशेखर तिवारी, राजीव पाठक आदि उपस्थित रहे।




Related Articles

Comments
  • No Comments...

Leave a Comment