(उज्जैन)भाजपा कार्यकर्ता आधारित दल, अपने विचारों व उसूलों से कभी समझौता नहीं किया-हेमंत खण्डेलवाल
- 30-Oct-25 12:00 AM
- 0
- 0
उज्जैन।(आरएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने गुरूवार को उज्जैन जिले के महिदपुर में सक्रिय कार्यकर्ता सम्मेलन एवं दीपावली मिलन समारोह में मीसाबंदियों को सम्मानित कर संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी में कोई कार्यकर्ता किसी भी पद पर रहे, हमेशा उसके मन में कार्यकर्ता भाव रहना चाहिए। कांग्रेस कोई राजनीतिक दल नहीं है, यह अंग्रेजों द्वारा बनाया गया संगठन है, जिसे एक परिवार चला रहा है। भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित दल है। हमारी पार्टी ने अपने विचारों व उसूलों से कभी समझौता नहीं किया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ एवं सक्रिय कार्यकर्ता पार्टी की मजबूती के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ता संगठन की मजबूती और जनता की सेवा के लिए अपना जीवन पार्टी के लिए समर्पित कर रहे हैं।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी कोई राजनीतिक दल नहीं है। कांग्रेस आजादी से पहले अंग्रेजों द्वारा बनाया गया एक संगठन है। आजादी की लड़ाई लडऩे वाले महापुरूषों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को एक ऐसे संगठन की आवश्कता महसूस हुई, जिस संगठन में सभी विचारधारा के लोग शामिल होकर आजादी के आंदोलन को आगे बढ़ा सके। देश को आजादी मिलने के बाद महात्मा गांधी ने कहा था कि अब कांग्रेस की कोई आवश्यकता नहीं है, इसे समाप्त कर देना चाहिए। लेकिन तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने सत्ता में बने रहने के लिए महात्मा गांधी की बात को नकार दिया। आज वही कांग्रेस एक परिवार की पार्टी बनकर रह गई है। वर्तमान में सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा जब तक मंच पर नहीं पहुंचते कांग्रेस पार्टी का मंच ही नहीं माना जाता। कांग्रेस का देश की जनता से कोई सरोकार नहीं बचा है।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष खण्डेलवाल ने कहा कि वर्ष 1952 में जन विचारों और सिद्धांतों को लेकर जनसंघ की स्थापना की गई थी। भाजपा आज तक उन्हीं विचारों और सिद्धांतों को लेकर कार्य कर रही है। देश में भाजपा एकमात्र ऐसा राजनीतिक दल है, जिसने अपनी विचारधारा और उसूलों से कभी समझौता नहीं किया। जनसंघ की स्थापना के समय हमारी पार्टी के जो विचार, सिद्धांत और उसूल रहे हैं, हम आज भी उसी रास्ते पर चलकर जनता की सेवा के लिए तत्पर हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश में आपातकाल लगाकर लोकतंत्र को कलंकित करने का कार्य किया और लोकतंत्र को बचाने के लिए आंदोलन करने वालों को जेल भेज दिया था। भाजपा ऐसे सभी लोकतंत्र सेनानियों और मीसाबंदियों का सम्मान करती है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खण्डेलवाल ने समारोह में मीसाबंदियों को सम्मानित भी किया है।इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. प्रभुलाल जाटव, उज्जैन जिला अध्यक्ष संजय अग्रवाल, ग्रामीण जिला अध्यक्ष राजेश धाकड़, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, तेज बहादुर सिंह चौहान, पूर्व विधायक बहादुर सिंह चौहान सहित पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Related Articles
Comments
- No Comments...

