
(कवर्धा) पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय महाराजपुर में कबीरधाम पुलिस का साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
- 16-Sep-25 09:24 AM
- 0
- 0
कवर्धा,16 सितंबर (आरएनएस)। कबीरधाम पुलिस द्वारा जिले में साइबर सुरक्षा को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 16 सितम्बर 2025 को प्रधानमंत्री श्री केंद्रीय विद्यालय, महाराजपुर में एक विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक श्री धर्मेन्द्र सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेन्द्र बघेल (रा.पु.से.) एवं श्री पंकज पटेल (रा.पु.से.) के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी श्री कृष्ण कुमार चंद्राकर के पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को इंटरनेट की दुनिया में सुरक्षित रहने के गुर बताए गए। मजबूत पासवर्ड का उपयोग, ओटीपी और बैंकिंग जानकारी साझा न करना, संदिग्ध ईमेल व लिंक से बचाव, सोशल मीडिया पर सतर्कता, गेमिंग प्लेटफॉर्म्स पर सावधानी जैसे अनेक विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
**साइबर अपराधों से सतर्क रहने की दी समझाइश**
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि साइबर ठगी, फर्जी प्रोफाइल, साइबर बुलिंग, फिशिंग, लॉटरी के झांसे, अश्लील सामग्री व ऑनलाइन गेम्स की लत जैसी समस्याएं आज आम हो गई हैं। इनसे बचने का सबसे बड़ा उपाय है – जागरूकता और सतर्कता। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत अपने अभिभावक या नजदीकी पुलिस को देने की अपील की गई।
**"अभिव्यक्ति ऐप" से मिलेगी सुरक्षा की ताकत**
महिला एवं बाल सुरक्षा के दृष्टिकोण से कार्यक्रम में “अभिव्यक्ति ऐप” की जानकारी भी दी गई। यह ऐप पुलिस मुख्यालय द्वारा तैयार किया गया है, जिसके माध्यम से महिलाएं और बच्चे सीधे पुलिस से संपर्क कर सकते हैं और अपनी शिकायत सुरक्षित रूप से दर्ज करा सकते हैं। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि पुलिस हर समय बच्चों और महिलाओं के साथ खड़ी है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को एक जिम्मेदार और सतर्क डिजिटल नागरिक बनाना तथा उन्हें साइबर अपराधों के प्रति सजग करना रहा।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री सुशील कुमार, एसडीओपी कवर्धा श्री कृष्ण कुमार चंद्राकर, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक श्री महेश प्रधान, महिला थाना कवर्धा से एएसआई श्रीमती विजया कैवर्त, साइबर सेल के कर्मचारी, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
**नयी पीढ़ी को सशक्त बना रहा कबीरधाम पुलिस का प्रयास**
कबीरधाम पुलिस का यह अभियान नयी पीढ़ी को न केवल डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक बना रहा है, बल्कि महिला एवं बाल सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषयों पर भी उन्हें आत्मनिर्भर और जागरूक बना रहा है।
---
Related Articles
Comments
- No Comments...