
(कवर्धा) स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान की शुरुआत, 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा विशेष स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम
- 17-Sep-25 12:57 PM
- 0
- 0
कवर्धा, 17 सितंबर 2025 (आरएनएस): महिलाओं और परिवारों के बेहतर स्वास्थ्य को लेकर जिले में “स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान” की शुरुआत की गई। कवर्धा जिला अस्पताल से शुरू हुए इस अभियान का उद्घाटन उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया। यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक कवर्धा, बोड़ला, पंडरिया और सहसपुर लोहारा विकासखंडों में संचालित होगा।
अभियान के शुभारंभ मौके पर लोगों ने वर्चुअल माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश भी सुना। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज़ादी के अमृतकाल में महिलाओं का स्वास्थ्य और सशक्तिकरण देश को विश्वगुरु बनाने की दिशा में सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने इस अभियान को केवल स्वास्थ्य से जुड़ा कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन की क्रांति बताया।
उद्घाटन समारोह में विभिन्न जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के विकास की नींव महिलाओं के स्वास्थ्य पर टिकी होती है। यदि महिला स्वस्थ और सक्षम है तो पूरा परिवार सशक्त होता है। यह अभियान स्वास्थ्य जागरूकता से आगे बढ़कर सामाजिक बदलाव का माध्यम बनेगा।
अभियान के तहत महिलाओं और किशोरियों के स्वास्थ्य परीक्षण, पोषण संबंधी परामर्श, प्रसूता माताओं को विशेष सुविधा, एनीमिया जांच, टीकाकरण, परिवार नियोजन और स्तनपान संबंधी जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि यह केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं है, बल्कि हर परिवार की जिम्मेदारी है कि वह स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति सजग रहे। मातृ वंदना योजना, पोषण अभियान, प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान और राज्य सरकार की योजनाएं इस सोच का हिस्सा हैं कि हर महिला स्वस्थ हो और हर परिवार खुशहाल बने।
अभियान के पहले दिन जिला अस्पताल कवर्धा में विशेष स्वास्थ्य जांच एवं उपचार शिविर आयोजित किया गया। इसमें कैंसर, स्त्री रोग, सर्जरी, मेडिसिन, हड्डी, दंत, नेत्र और ईएनटी विशेषज्ञों ने मरीजों की जांच की। साथ ही महिला स्वास्थ्य रैली और रक्तदान शिविर का भी आयोजन हुआ।
इस अभियान के तहत महिलाओं की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती दी जाएगी। गंभीर बीमारियों जैसे उच्च रक्तचाप, मधुमेह, कैंसर, टीबी और कुष्ठ की पहचान और इलाज पर विशेष ध्यान रहेगा। गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच, मातृ-शिशु सुरक्षा कार्ड वितरण, बच्चों का टीकाकरण और किशोरियों के लिए पोषण व मासिक धर्म स्वच्छता पर सत्र भी होंगे।
रक्तदान शिविर, निक्षय मित्र नामांकन और दूरस्थ क्षेत्रों में मोबाइल मेडिकल यूनिट की सेवाएं भी इस अभियान का हिस्सा होंगी।
जिला कलेक्टर गोपाल वर्मा ने बताया कि अभियान के तहत विकासखंड स्तर पर कैंसर स्क्रीनिंग, एएनसी जांच, किशोरी स्वास्थ्य सत्र, पोषण काउंसलिंग और इम्युनाइजेशन ड्राइव आयोजित होंगे। हर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मिनी हेल्थ कैंप के माध्यम से जनजागरूकता बढ़ाई जाएगी। उन्होंने जिले के सभी नागरिकों से इस अभियान में भाग लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।
Related Articles
Comments
- No Comments...