(कुशीनगर) मंद बुद्धि बालिका घर से अचानक लापता, तलाश में जुटी पुलिस

  • 29-Oct-23 12:00 AM

कुशीनगर, 29 अक्टूबर (आरएनएस)। जनपद के मथौली बाजार कस्बा के वार्ड नंबर 12 सरदार भगत सिंह नगर निवासी एक 16 वर्षीय मंदबुद्धि बालिका के घर से अचानक लापता हो जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस मामले में बालिका की मां ने कप्तानगंज थाने में तहरीर देकर कार्यवाई की मांग की है। मुकामी पुलिस ने तहरीर मिलते ही मुकदमा पंजीकृत कर बालिका को तलाश करने में जुट गई है।जानकारी के अनुसार कस्बा निवासी रिंकू देवी पत्नी हीरालाल सैनी थाने में तहरीर देकर कहा है कि मेरी 16 वर्षीय बेटी शालू जो मंद बुद्धि की है। बीते माह 4 सितंबर 2023 को बिना बताए घर से अचानक लापता हो गई। लापता होने की जानकारी जैसे ही चला खोजबीन शुरू कर दिया गया। गांव सहित नजदीकी क्षेत्र व रिश्तेदारों के यहां पता करवाया लेकिन कहीं से सुराग नहीं चल सका। पीडि़त रिंकू देवी ने तहरीर में अपनी बेटी की हुलिया का भी जिक्र करते हुए बताया है कि उसकी लंबाई 5 फीट, रंग पक्का, भाषा हिंदी भोजपुरी, वस्त्र जींस, काला टी शर्ट, हाथ में स्टार गोदना और ललाट पर चोट का निशान है। तहरीर मिलते ही कप्तानगंज पुलिस ने मु.अ.स. 422/23 धारा 363 भादवि के तहत दर्ज कर उप निरीक्षक विजय कुमार सिंह को विवेचना हेतु सौंप दी गई है। बालिका के परिजनों ने बताया कि शालू इसके पूर्व में भी कई बार घर से लापता हो गई थी जो पुलिस और समाज सेवियों के सहयोग से घर सुरक्षित पहुंची थी। इस संबंध में विवेचक उप निरीक्षक कप्तानगंज विजय कुमार सिंह ने बताया कि लड़की मंद बुद्धि है। तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर बालिका की खोजबीन की जा रही है। बालिका को बरामद करने के लिए पुलिस का हर तंत्र प्रयासरत है। जल्द ही ढूंढ लिया जायेगा।




Related Articles

Comments
  • No Comments...

Leave a Comment