(कोलकाता)दुर्गोत्सव पर महानगर से विभिन्न मामलों में 475 लोग गिरफ्तार

  • 03-Oct-25 12:00 AM

चतुर्थी से महानवमी तक कानून को ठेंगा दिखाने पर 8277 मामले दर्जकोलकाता 3 अक्टूबर (आरएनएस)। जहां पूरे देश भर में नवरात्रि की धूम रही। वहीं बंगाल में बीते चार दिनों तक दुर्गा पूजा के उल्लास में महानगर डूबा रहा। कोलकाता की सड़कों पर दर्शनार्थियों का सैलाब उमड़ता रहा। दुर्गा पूजा मण्डपों में उमड़ी भीड़ को सम्भालने में पुलिस व स्वंयसेवियों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही थी। वहीं कथित मजनुओं पर पुलिस की गाज गिरती रही तो मनचलों व बदमाशों की गिरफ्तारी भी पूरे महानगर में जगह जगह पुलिस करती रही। महानगर में दुर्गा माता की प्रतिमाओं के दर्शन के लिये बनाये गये बांस के बैरीकेड़ों में अंधेरे का फायदा उठा कर मनचले व कथित मजनु लड़कियों से छेड़छाड़ करते रहे तो तैनात महिला पुलिस व कार्यरत पुलिसकर्मी मजनुओं को सबक भी सिखाते देखे गये। इधर कोलकाता पुलिस लालबाजार मुख्यालय ने बताया कि कोलकाता पुलिस ने दुर्गा पूजा उत्सव के दौरान कानून का उल्लंघन करने के आरोप में महाचतुर्थी से महाअष्टमी तक कुल 348 लोगों को गिरफ्तार किया है। जबकि विभिन्न आरोपों में 6,284 लोगों पर मामला दर्ज किया है। महानवमी तक 127 लोगों को गिरफ्तार किया गया। कोलकाता पुलिस ने विभिन्न यातायात उल्लंघनों, जैसे बिना हेलमेट के वाहन चलाना सहित विभिन्न मामलों में 1,993 लोगों पर मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि, महानवमी के दिन तीन लोगों को लेकर बाइक चलाने के आरोप में 353, बिना हेलमेट के 1089, नशे में वाहन चलाने में 167, लापरवाही व खतरनाक तौर पर वाहन चलाने में 177 व अन्य आरोपों में 207 लोगों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। कोलकाता पुलिस मुख्यालय के अनुसार महाचतुर्थी से महानवमी तक पुलिस ने कोलकाता में कुल 475 लोगों को गिरफ्तार किया है और विभिन्न आरोप में 8277 मामले दर्ज किए गए है। खबर के लिखे जाने तक कई लोगों की गिरफ्तारी भी की गई है लेकिन कुल कितने लोग गिरफ्तार किये गये हैं इसकी सटीक जानकारी नहीं मिल सकी थी।




Related Articles

Comments
  • No Comments...

Leave a Comment