(खंडवा)तालाब में डूबने से दो बहनों की मौत

  • 07-Sep-25 12:00 AM

खंडवा 7 सितंबर (आरएनएस)। रविवार को तालाब में डूबने से दो सगी बहनों की मौत हो गई। दोनों के शव मिल गए हैं, जिन्हें पुलिस की मौजूदगी में बरामद कर लिया गया। बताया जा रहा है कि चार बहनें है, जो जंगल में बने तालाब पर कपड़े धोने गई थीं, इनमें से दो बड़ी बहनें डूब गईं।घटना के बाद दो मासूम बहनों ने घर जाकर बताया। तब परिजन पहुंचे और तालाब में सर्चिंग की। घटना जिले के जावर थाना क्षेत्र के ग्राम भकराड़ा में शाम 4 बजे की बताई जा रही है।भकराड़ा के जनपद सदस्य बृजेंद्रसिंह पंवार के मुताबिक, दोनों बहनें आदिवासी भिलाला समाज की हैं। उनके घर से कुछ ही दूरी पर जंगल में वन विभाग का तालाब बना हुआ है। जहां वो अक्सर कपड़े धोने जाती थी। रविवार को भी चार बहनें कपड़े धोने गई थीं। इनमें दो बहनें डूब गईं।ग्रामीणों को जानकारी मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के पहुंचने पर शाम 5 बजे दोनों के शव बरामद कर लिए गए। फिलहाल पंचनामा कार्रवाई कर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जावर अस्पताल भेजा गया है।शिवानी (8) और सपना (12) दोनों सगी बहने थीं। दोपहर 2 बजे इनके साथ 3 और 4 साल की दो छोटी बहनें भी तालाब पर गई थी। इन बहनों के अलावा वहां और कोई मौजूद नहीं था। प्रारंभिक तौर पर डूबने से मौत की जानकारी हैं। मृत बहनों के पिता सुनिल मजदूरी करते हैं। फिलहाल, जावर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।एसआई राजेंद्र राठौड़ ने बताया, परिवार में पिता के साथ चार बहनें रहती थी। बच्चियों की मां नहीं हैं, 3 साल पहले उनका निधन हो चुका है। पिता मजदूरी करने जाते तो चारों बहनें घर संभालती थीं। उनके घर के सामने ही छोटा तालाब बना हुआ है। यहीं वे नहाने के साथ कपड़े धोती थीं।तालाब में करीब 5 फीट पानी होगा। वहीं मृतक बहनों की हाइट महज 3 फीट तक थी। पानी में डूबने से मौत होना प्रतीत होता है। ऐसा भी हो सकता है कि एक डूबी हो और उसे बचाने में दूसरी भी कूद गई। फिलहाल उस दौरान मौके पर मासूम बहनों के अलावा और कोई नहीं था।




Related Articles

Comments
  • No Comments...

Leave a Comment