(खरगोन)पूर्व केन्द्रीय राज्यमंत्री अरूण यादव ने कहा हमनें बाबूजी स्व.सुभाष यादव के सपनों को किया साकार
- 01-Apr-25 12:00 AM
- 0
- 0
खरगोन 1 अप्रैल (आरएनएस)।पूर्व केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री अरूण यादव ने अपने पिता पूर्व उपमुख्यमंत्री स्व. सुभाष यादव के 79 वें जन्मदिवस पर अपने गृह गॉव बोरावां में श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहा कि हमने बाबूजी के सपनों को साकार किया है। निमाड़ के किसानों की धरती पर बाबूजी द्वारा बोरावां में स्थापित उच्च तकनीकी शिक्षा संस्थानों को हमनें ज्ञान, विज्ञान और अनुसंधान का प्रमुख केन्द्र बनाने की कोशिश की है। यादव ने बताया कि स्व. गुलाबबाई यादव स्मृति शिक्षा महाविद्यालय को शिक्षा के क्षेत्र में पी.एच.डी. की डिग्री प्राप्त करने के लिए मप्र और छत्तीसगढ़ का एकमात्र अनुसंधान केन्द्र बनाया है। इसी प्रकार जी.आर.व्हाय. इंस्टीट्यूट ऑफ फॉर्मेसी के विद्यार्थियों और प्राध्यापकों द्वारा दवाई उद्योग पर अनुसंधान प्रारंभ किया गया है। इसके लिए केलिफोर्निया यूएसए, ताईवान और देश के विभिन्न शोधकर्ताओं की उपस्थिति में हाल ही में बोरावां में इंटरनेशनल कार्यशाला का भी आयोजन किया गया था। इंजीनियरिंग कॉलेज जवाहरलाल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नालॉजी बोरावां में भी इंजीनियरिंग और फॉर्मेसी के क्षेत्र में विकास के अवसर और चुनौतियों पर नेशनल कान्फ्रेन्स का आयोजन आगामी 10 अप्रैल को बोरावां में किया जा रहा है।स्व. सुभाष यादव के छोटे सुपुत्र मप्र के कृषि मंत्री रहे कसरावद के विधायक सचिन यादव ने अपने पिताश्री का पुण्य स्मरण करते हुए बताया कि पूर्व उपमुख्यमंत्री स्व. सुभाष यादव निमाड़ में आधुनिक और रोजगारोन्मुखी शिक्षा के प्रणेता थे। उनके द्वारा स्थापित सभी उच्च तकनीकी शैक्षणिक संस्थानों में किसानों और मजदूरों के बालक-बालिकाएज्ञान-विज्ञान की शिक्षा प्राप्त कर अब अनुसंधान कर रहे हैं। उनका विविध क्षेत्रों में किया जा रहा यह अनुसंधान देश के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होनें आगे बताया कि बोरावां के शैक्षणिक संस्थानों से शिक्षा प्राप्त विद्यार्थी देश विदेश में ख्याति प्राप्त संस्थानों में अनुसंधान के क्षेत्र में कार्यरत हैं। यह हम सब निमाड़ वासियों के लिए गौरव का विषय है। हरित क्रांति के अग्रदूत मप्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री स्व.सुभाष यादव के 79 वें जन्मदिवस पर उनके गृह गॉव बोरावां में आज मंगलवार 1 अप्रैल को निमाड़, मालवा और प्रदेशवासियों ने उन्हें विनम्र पुष्पांजलि अर्पित की। स्व. सुभाष यादव की धर्मपत्नी दमयंती यादव, ज्येष्ठ सुपुत्र पूर्व केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री अरूण यादव, छोटे सुपुत्र और मप्र के पूर्व कृषि मंत्री एवं कसरावद के विधायक सचिन यादव, उनके भाई राजेन्द्र यादव सहित सभी परिजनों ने अपने पितृ पुरूष स्व. सुभाष यादव के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मारूति रामायण मण्डल द्वारा भजन कीर्तन कर सुंदरकाण्ड का पाठ भी किया गया।अरूण यादव और सचिन यादव ने बोरावां में आज मंगलवार को मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि पूर्व उपमुख्यमंत्री स्व. सुभाष यादव के प्रयासों से निमाड़ के खेतों में सिंचाई के लिए नर्मदा का पानी पहुॅचा है। किसान आत्मनिर्भर होकर समृद्धशाली बन गए हैं। बाबूजी कहा करते थे कि खेतों में सिंचाई के बिना किसानों की प्रगति नहीं हो सकती। इसलिए उन्होंने सबसे पहले किसानों के खेतों में ंिसंचाई के लिए नहरों का जाल बिछाकर नर्मदा का पानी पहॅुचाया है। इस सिंचाई से निमाड़ में चारों तरफ खेतों में समृद्धि की हरियाली छा रही है। अभी भी हमारा प्रयास है कि किसान का कोई भी खेत सिंचाई से वंचित न रहे। बाबूजी के अनुसार अब निमाड़ के किसानों के साफे का रंग बदल गया है। वे सच्चे अर्थों में किसानों के लिए भगीरथ थे और हरित क्रांति के अग्रदूत भी थे।इस अवसर पर कांग्रेस कार्यर्ताओं और जनप्रतिनिधियों द्वारा स्व. सुभाष यादव की स्मृति में प्रकाशित किये गये वार्षिक केलेण्डरों का विमोचन भी अरूण यादव और सचिन यादव ने किया। बोरावॉ में स्व. सुभाष यादव द्वारा स्थापित सभी शैक्षणिक संस्थानों द्वारा भी अपने पितृ पुरूष को पुष्पांजलि अर्पित कर उनका पुण्य स्मरण किया गया। जवाहरलाल नेहरू सहकारी शकर कारखाने में स्व. सुभाष यादव की प्रतिमा पर भी अरूण यादव सचिन यादव और उनके परिजनों ने माल्यार्पण कर अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
Related Articles
Comments
- No Comments...