
(गरियाबंद) शेष पगार झरने की खूबसूरती में चार चांद लगाता दिखा दुनिया का सबसे तेज उडऩे वाला पक्षी, ड्रोन कैमरे में हुआ कैद
- 06-Jul-25 01:50 AM
- 0
- 0
गरियाबंद, 06 जुलाई (आरएनएस)। लगातार हो रही बारिश के चलते उदंती-सीतानदी अभ्यारण्य का प्रसिद्ध शेष पगार झरना इन दिनों अपनी पूरी रौनक पर है। झरने की खूबसूरती को ड्रोन कैमरे में कैद करते समय एक अनोखा दृश्य देखने को मिला, जब कैमरे में दुनिया का सबसे तेज उडऩे वाला शिकारी पक्षी पेरेग्रीन फॉल्कन नजर आया। अभ्यारण्य प्रशासन की टीम जब कुल्हाड़ीघाट रेंज में स्थित झरने का विहंगम दृश्य रिकॉर्ड कर रही थी, तब यह दुर्लभ पक्षी कैमरे में आ गया। उपनिदेशक वरुण जैन ने बताया कि पेरेग्रीन फॉल्कन करीब 320 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से उड़ान भरने की क्षमता रखता है और यह हवा में ही शिकार करने के लिए जाना जाता है। इसे 'बर्ड ऑफ प्रेÓ की श्रेणी में शामिल किया गया है। वरुण जैन ने बताया कि शेष पगार झरना सिर्फ प्राकृतिक सौंदर्य का केंद्र नहीं, बल्कि यह क्षेत्र समृद्ध जैव विविधता के कारण शोधकर्ताओं और पर्यटकों दोनों के लिए बेहद आकर्षक बन गया है। ड्रोन से शूट किया गया वीडियो न केवल झरने की सुंदरता को दर्शाता है, बल्कि दुर्लभ प्रजातियों की उपस्थिति से इसकी पर्यावरणीय महत्ता भी सामने आती है। गौरतलब है कि गरियाबंद और धमतरी जिलों में फैला यह अभ्यारण्य छत्तीसगढ़ के प्रमुख प्राकृतिक स्थलों में गिना जाता है। बारिश के मौसम में शेष पगार झरना अपने चरम सौंदर्य पर होता है। ऊंचाई से गिरती दूधिया धाराएं और उनकी गूंज आसपास के माहौल को और भी रमणीय बना देती हैं। यह झरना हर साल सैकड़ों प्रकृति प्रेमियों और पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता है। बारिश की फुहारों से नहाए जंगल और गिरती जलधाराएं एक कल्पनालोक जैसा दृश्य रचती हैं, जो यहां आने वालों को मंत्रमुग्ध कर देती हैं।
0
Related Articles
Comments
- No Comments...