
(जगदलपुर) नक्सली लीडर रूपेश ने माओवादियों से की अपील
- 16-Oct-25 03:06 AM
- 0
- 0
० कहा - पहले बचना जरूरी है, जो साथ आना चाहें संपर्क करें, अपना मोबाइल नंबर किया सार्वजनिक
जगदलपुर, 16 अक्टूबर (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद पर सरकार और सुरक्षा बलों की सख्त रणनीति का असर अब साफ दिखने लगा है। एक समय राज्य के घने जंगलों में निर्दोषों का खून बहाने वाले नक्सली अब सरकार की पुनर्वास नीति और सुरक्षाबलों की लगातार कार्रवाई के आगे हथियार डालने को मजबूर हो रहे हैं। कल यानी शुक्रवार 17 अक्टूबर को प्रदेश में नक्सल उन्मूलन के इतिहास का एक बड़ा अध्याय लिखा जाएगा, जब 140 से अधिक नक्सली मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सामने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटेंगे। आत्मसमर्पण से ठीक एक दिन पहले नक्सलियों के प्रवक्ता रहे रूपेश उर्फ तक्कलापल्ली वशुदेव राव (सतीश) ने अपने साथियों के नाम एक संदेश जारी किया है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, जगदलपुर में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर पश्चिम सब जोनल प्रभारी रूपेश उर्फ तक्कलापल्ली वशुदेव राव (उर्फ सतीश) के नेतृत्व में करीब 140 नक्सली और 100 से अधिक हथियार प्रशासन को सौंपेंगे। इसके लिए पुलिस और प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। बताया जा रहा है कि ये सभी नक्सली भैरमगढ़ क्षेत्र से कूच कर जगदलपुर पहुंच रहे हैं। इससे पहले, कांकेर जिले के कामतेड़ा बीएसएफ कैंप में स्पेशल जोनल कमेटी सदस्य भास्कर मंडावी की अगुवाई में 50 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया था। इनमें कई वांछित और बड़े इनामी नक्सली भी शामिल थे। इन सबने सरकार की पुनर्वास योजना के तहत समाज की मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया। रेड कार्पेट बिछाकर स्वागत करेंगे — विजय शर्मा राज्य के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नक्सलियों के आत्मसमर्पण पर कहा कि बड़ी संख्या में नक्सली समाज की मुख्यधारा से जुडऩे को तैयार हैं। हम उनका रेड कार्पेट बिछाकर स्वागत करेंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सामने रूपेश और उसके साथियों का आत्मसमर्पण ऐतिहासिक कदम साबित होगा।
त्रिपाठी
०
Related Articles
Comments
- No Comments...