
(जगदलपुर) फरसागुड़ा हायर सेकंडरी स्कूल के 2 खिलाडिय़ों का नेशनल एवं 6 का राज्य स्तर पर एथलेटिक्स में चयन
- 30-Sep-25 02:34 AM
- 0
- 0
0 मंत्री केदार कश्यप के गांव की बेटियों का कमाल
जगदलपुर, 30 सितंबर (आरएनएस)। बस्तर विकासखंड के हायर सेकंडरी स्कूल फरसागुड़ा के 6 होनहार खिलाडिय़ों का चयन 25वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के लिए एथलेटिक्स में हुआ है। जो कि 21 से 24 सितंबर तक जगदलपुर में आयोजित किया गया। इन खिलाडिय़ों की उपलब्धी से समूचे क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल है।
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 6 बालिकाएं योगिता कश्यप, निशा बघेल, मानसी बघेल, रेखा बघेल, गुडिय़ा बघेल, धनमति कश्यप का चयन किया गया। योगिता कश्यप ने ऊंची कूद में सिल्वर मेडल और निशा बघेल ने भाला फेंक में सिल्वर मेडल प्राप्त किया है। अच्छे प्रदर्शन के कारण दोनों खिलाडिय़ों का नेशनल शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। इन सभी खिलाडिय़ों को एथलेटिक्स का प्रशिक्षण व्यायाम शिक्षक मानकेर करंगा और हॉस्टल अधीक्षिका अनुमति बघेल द्वारा प्रदान किया गया। इन सभी बच्चों के चयन और अच्छे प्रदर्शन पर स्कूल के प्राचार्य विकास पाठक और शाला के सभी शिक्षकों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। योगिता कश्यप और निशा बघेल का नेशनल में चयन हुआ है।
गर्व है बेटियों पर: मंत्री केदार कश्यप
राज्य स्तरीय एवं नेशनल स्पर्धा में फरसागुड़ा हायर सेकंडरी स्कूल की छात्राओं के चयन पर प्रदेश के वन मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक केदार कश्यप ने खुशी जाहिर करते हुए छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। ज्ञात हो कि फरसागुड़ा मंत्री केदार कश्यप का गृहग्राम है। अपने गांव की बेटियों की इस बड़ी उपलब्धि पर मंत्री केदार कश्यप ने ट्वीट कर खुशी जताई है। केदार कश्यप ने ट्वीट में लिखा है- गृहग्राम फरसागुड़ा के होनहार खिलाड़ी नेशनल और राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भाग लेकर बस्तर को गौरवान्वित करेंगे। राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए चयनित 6 खिलाडिय़ों और नेशनल स्तर पर चयनित 2 खिलाडिय़ों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आप सभी का यह सफर आने वाली पीढिय़ों के लिए प्रेरणा बने और आप राष्ट्रीय- अंतर राष्ट्रीय स्तर पर बस्तर एवं प्रदेश का नाम रौशन करें, यही कामना है। यह चयन केवल खिलाडिय़ों के लिए ही नहीं बल्कि फरसागुड़ा हायर सेकंडरी स्कूल एवं ग्रामीण अंचल के लिए भी गौरव की बात है। इस उपलब्धि ने यह सिद्ध कर दिया है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। बस आवश्यकता होती है सही मार्गदर्शन और अवसर की।
सतेन्द्र
0
Related Articles
Comments
- No Comments...