(जगदलपुर) सुबह धान कटाई, शाम को वोटों की फसल काटने पहुंचे बाबा

  • 30-Oct-23 02:09 AM

0 जतिन के लिए जगदलपुर में किया डोर टू डोर संपर्क
0 उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव आए अपने खास को जिताने

   -अर्जुन झा-
जगदलपुर, 30 अक्टूबर (आरएनएस)। उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव बाबा रविवार की सुबह एक खेत में धान की फसल काटते नजर आए थे और शाम को जगदलपुर में वोटों की फसल काटने आ धमके। बाबा ने अपने खास समर्थक जगदलपुर सीट के कांग्रेस प्रत्याशी जतिन जायसवाल के पक्ष में यहां देर रात तक डोर टू डोर इलेक्शन कैंपेनिंग की।
सरगुजा राज परिवार के वंशज टीएस सिंहदेव ने आज 29 अक्टूबर से पहले कभी धान या किसी अन्य फसल की कटाई शायद ही की होगी। क्योंकि वे संपन्न राजघराने से हैं और उनके आगे पीछे पचासों नौकर चाकर घूमते रहते हैं। उन्हें तो बस सियासत की खेती करना आती है, लेकिन आज इस राज - पुत्र को भी धान की फसल काटने के लिए खेत में उतरना पड़ गया। हुआ यूं कि छत्तीसगढ़ के चुनावी दौरे पर आए गांधी नेहरू परिवार के कुल दीपक एवं कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी आज सुबह रायपुर के नजदीक स्थित कटिया गांव के एक खेत में जा पहुंचे। उस खेत में कुछ महिलाएं धान फसल की कटाई कर रही थीं। राहुल गांधी उन महिलाओं से हंसिया लेकर खुद भी धान काटने लगे। उन्हें धान की लुआई करते देख साथ रहे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत और गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू को भी खेत में उतरना पड़ गया। पांचों ने मिलकर कुछ देर तक धान कटाई की और किसान का बोझ थोड़ा हल्का कर दिया। किसानों के कर्जे का बोझ और आर्थिक तंगी का बोझ कांग्रेस फिर से सरकार बनाने के बाद हल्का करने वाली है। टीएस सिंहदेव सुबह की धान कटाई खत्म करने के बाद वोटों की फसल काटने जगदलपुर आ गए। जगदलपुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस ने बाबा के खास समर्थक जतिन जायसवाल को प्रत्याशी बनाया है। चर्चा है कि जतिन को टिकट बाबा की वजह से ही मिला है। लिहाजा बाबा का उनके पक्ष में वोट मांगने के लिए यहां आना लाजिमी भी है। बाबा देर रात तक शहर के वीर सावरकर वार्ड और भगत सिंह वार्ड में डोर टू डोर जनसंपर्क करते रहे। उन्होंने वार्डवासियों से जतिन जायसवाल को विजयी बनाने की अपील की। कांग्रेस के सूत्र बताते हैं कि उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव बाबा मतदान से पहले एक दो बार और जगदलपुर आएंगे।
0

 




Related Articles

Comments
  • No Comments...

Leave a Comment