
(जशपुर) ऑपरेशन अंकुश: जशपुर पुलिस ने गैंगरेप के फरार आजीवन कारावास दोषियों को झारखंड से दबोचा
- 09-Jul-25 08:27 AM
- 0
- 0
जशपुर, 09 जुलाई (आरएनएस)। जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन अंकुश के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए दो आजीवन कारावास से दंडित गैंगरेप के आरोपियों नेल्सन खाखा और डिक्शन खाखा को अंतत: धर दबोचा है। नेल्सन खाखा को झारखंड के कुरडेग से और डिक्शन खाखा को रायगढ़ से कुनकुरी आते वक्त हिरासत में लिया गया। दोनों आरोपी अप्रैल 2025 में कुनकुरी न्यायालय में पेशी के बाद पुलिस को धक्का देकर फरार हो गए थे।
मामले का विवरण:
यह मामला 27 दिसंबर 2022 को कांसाबेल थाना क्षेत्र की एक 15 वर्षीय नाबालिग पीडि़ता द्वारा दुलदुला थाने में दर्ज कराया गया था। पीडि़ता ने बताया था कि 26 दिसंबर 2022 को वह दुलदुला थाना क्षेत्र के एक गांव में अपनी सहेली के पास घूमने आई थी, जहां उसकी नेल्सन खाखा से सामान्य बातचीत हुई। उसी शाम, जब पीडि़ता अपनी सहेलियों के साथ एक नाले के पुल पर बैठी थी, तभी आरोपी नेल्सन खाखा मोटरसाइकिल से आया। उसे देखकर सहेलियां भाग गईं, लेकिन नेल्सन ने पीडि़ता को जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर एक सुनसान जगह ले जाकर धमकाया और दुष्कर्म किया। कुछ दूरी पर नेल्सन के साथी डिक्शन खाखा और सौरभ भी खड़े होकर देख रहे थे, जिन्होंने बाद में पीडि़ता के साथ दुष्कर्म किया।
इस रिपोर्ट पर दुलदुला थाने में तीनों आरोपियों - नेल्सन खाखा, डिक्शन खाखा और सौरभ - के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 363, 366 और 376 के तहत मामला दर्ज किया गया था। पर्याप्त सबूत मिलने पर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया था।
फरारी और गिरफ्तारी:
11 अप्रैल 2025 को, जशपुर जिला जेल से 10 कैदियों को पेशी के लिए माननीय अपर सत्र न्यायालय कुनकुरी लाया गया था, जिसमें नेल्सन खाखा और डिक्शन खाखा भी शामिल थे। अपर सत्र न्यायालय में पेशी के दौरान, दोनों आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। शाम करीब 5:45 बजे, जब उन्हें फिंगरप्रिंट कराने के बाद वापस न्यायालय स्थित बंदी गृह ले जाया जा रहा था, तभी दोनों आरोपी नेल्सन खाखा और डिक्शन खाखा ने अचानक पुलिसकर्मियों को धक्का देकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। इस संबंध में कुनकुरी थाने में बी.एन.एस. की धारा 262 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह ने कर्तव्य में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों को निलंबित करते हुए, फरार आरोपियों का पता लगाने के लिए एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और तकनीकी टीम की मदद भी ली।
पुलिस टीम लगातार दोनों आरोपियों की तलाश कर रही थी। आरोपी इतने शातिर थे कि वे पुलिस से बचने के लिए झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में बार-बार अपना ठिकाना बदल रहे थे। पुलिस उनके छिपने के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही थी। इसी दौरान, पुलिस को मुखबिरों और तकनीकी टीम से सूचना मिली कि नेल्सन खाखा झारखंड राज्य के सिमडेगा जिले के कुरडेग थाना क्षेत्र के ग्राम सांबा में है, और डिक्शन खाखा रायगढ़ क्षेत्र में है और एक मालवाहक वाहन से कुनकुरी की ओर आ रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर ने तत्काल दो पुलिस टीमों का गठन किया। एक टीम ग्राम सांबा, कुरडेग, जिला सिमडेगा (झारखंड) गई और घेराबंदी कर आरोपी नेल्सन खाखा को हिरासत में ले लिया। दूसरी टीम ने रायगढ़ से कुनकुरी तक डिक्शन खाखा का लगातार पीछा करते हुए अंतत: उसे कुनकुरी में हिरासत में लेने में सफलता प्राप्त की।
दोनों फरार आरोपियों, नेल्सन खाखा (उम्र 25 वर्ष) और डिक्शन खाखा (उम्र 30 वर्ष) को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
सहायता करने वालों पर भी कार्रवाई:
पुलिस ने फरार आरोपियों को भागने में सहायता देने और शरण देने वाले कुनकुरी निवासी माइकल खाखा, जशपुर निवासी रितेश कुजूर और दुलदुला निवासी सुदीप मिंज के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस टीम की भूमिका:
इस मामले की कार्यवाही और फरार आरोपियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी में साइबर सेल से निरीक्षक मोर ध्वज देशमुख, उप निरीक्षक नसीरुद्दीन अंसारी, सहायक उप निरीक्षक नसीरुद्दीन अंसारी, प्रधान आरक्षक अनंत मिराज किस्पोट्टा, आरक्षक अनिल सिंह, और थाना कुनकुरी से थाना प्रभारी कुनकुरी निरीक्षक राकेश यादव, उप निरीक्षक संतोष तिवारी, प्रधान आरक्षक दलेश्वर यादव, आरक्षक जितेंद्र गुप्ता, नंद लाल यादव और नगर सैनिक अजय श्रीवास्तव की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने बहुत ही पेशेवर तरीके से काम करते हुए पुलिस अभिरक्षा से भागे दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है। उन्होंने यह भी कहा कि "ऑपरेशन अंकुश" जारी रहेगा।
0000
Related Articles
Comments
- No Comments...