(जशपुर) प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर छायाचित्र प्रदर्शनी आयोजित

  • 17-Sep-25 11:19 AM

जशपुरनगर, 17 सितंबर (आरएनएस): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस के अवसर पर पूरे देश में विविध आयोजन किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जशपुर जिले के कलेक्टरेट परिसर में जनसंपर्क विभाग द्वारा सेवा पर्व, सेवा पखवाड़ा और विकसित भारत की संकल्पना पर आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।

प्रदर्शनी का उद्घाटन जशपुर की जनप्रतिनिधियों गोमती साय और रायमुनी भगत द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। कार्यक्रम में माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष शंभूनाथ चक्रवर्ती, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगाराम भगत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, नगर पालिका उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, कृष्ण कुमार राय और कलेक्टर रोहित व्यास सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

**प्रदर्शनी में दिखा मोदी का जीवन संघर्ष और राष्ट्र निर्माण की यात्रा**

प्रदर्शनी में नरेंद्र मोदी के बचपन, शिक्षा, जीवन संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में योगदान को छायाचित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। वडनगर में प्रारंभिक शिक्षा, पुस्तकालय से जुड़ाव, मां से मिली शिक्षा, और समाज सेवा की भावना को प्रमुखता से दर्शाया गया है।

प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री आवास योजना, सौभाग्य योजना, सर्जिकल स्ट्राइक, माओवादी क्षेत्रों में आई कमी, कोविड प्रबंधन, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, आत्मनिर्भर भारत अभियान, नई शिक्षा नीति, पीएम श्री स्कूलों की स्थापना, डिजिटल भुगतान प्रणाली और जनधन योजना जैसी योजनाओं को भी शामिल किया गया है।

इसके अलावा आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीबों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाएं, अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की उपलब्धियां, और मातृशक्ति व पर्यावरण संरक्षण को समर्पित ‘एक पेड़ मां के नाम’ जैसे अभियानों को भी प्रदर्शनी का हिस्सा बनाया गया है।

**विद्यार्थियों ने बताया प्रेरणादायक अनुभव**

स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय, जशपुर के छात्रों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर प्रधानमंत्री के जीवन को प्रेरणादायक बताया। छात्र नितेश बड़ाइक ने कहा कि इस प्रदर्शनी से मोदी के जीवन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण बातें जानने को मिलीं। वहीं छात्र आर्यन एक्का ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री के जीवन के संघर्ष और समर्पण को देखा, जिससे उन्हें देश के लिए कार्य करने की प्रेरणा मिली।

इस अवसर पर जनसंपर्क विभाग जशपुर की सहायक संचालक नूतन सिदार, सहायक जनसंपर्क अधिकारी गोपाल कृष्ण शुक्ल, सहायक सूचना अधिकारी रविंद्र चौधरी, विनोद यादव, अशोक तिर्की, हेमंत प्रसाद, शुभम खूंटे, भूपाल सिदार, अभिलेख भगत सहित अधिकारी-कर्मचारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




Related Articles

Comments
  • No Comments...

Leave a Comment