(जौनपुर)अश्रुपरित नेत्रों से मां की प्रतिमाओं का विसर्जन
- 03-Oct-25 12:00 AM
- 0
- 0
जौनपुर 3 अक्टूबर (आरएनएस ) मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन गुरुवार से शुरू होकर शुक्रवार की सुबह तक भक्तिभाव और श्रद्धा के वातावरण में सम्पन्न हुआ। नगर के सद्भावना पुल स्थित विसर्जन कुंड पर लगभग 300 प्रतिमाओं का अश्रुपूर्ण नेत्रों से विसर्जन किया गया।विसर्जन से पहले जिलाधिकारी डा. दिनेश चंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक डा. कौस्तुभ, सिटी मजिस्ट्रेट सहित अधिकारियों ने मां की प्रतिमा के समक्ष विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर नारियल फोड़कर और हरी झंडी दिखाकर विसर्जन यात्रा का शुभारंभ किया। जिले की बड़ी महारानी कही जाने वाली मां दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन हुआ। इससे पहले जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारियों ने मां को अक्षत और पुष्प अर्पित कर अंतिम विदाई दी। विसर्जन का यह अद्भुत दृश्य देखने के लिए लाखों श्रद्धालु जय माता दी के गगनभेदी नारों के बीच देर रात तक मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सतर्क रहा। पुलिस लगातार गश्त करती रही। श्रद्धालुओं की सेवा के लिए जगह-जगह लंगर लगे रहे, जहाँ भक्तों को हलवा, पूरी, चाय और प्रसाद वितरित किया गया। सामाजिक संगठनों ने भी मेले में आने-जाने वालों की सेवा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। भक्तों के जयकारों और प्रशासन की मुस्तैदी के बीच मां दुर्गा की प्रतिमाओं का यह भव्य विसर्जन पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ।
Related Articles
Comments
- No Comments...