(जौनपुर)महेन्द्र नाथ सेठ का निधन, शोक की लहर
- 31-Oct-23 12:00 AM
- 0
- 0
जौनपुर 31 अक्टूबर (आरएनएस)। समाजसेवी और प्रतिष्ठित व्यवसायी महेंद्र नाथ सेठ का आज वाराणसी में देहावसान हो गया। वह करीब 76 वर्ष के थे। उनका अंतिम संस्कार आदि गंगा गोमती के तट स्थित रामघाट पर किया गया। षव यात्रा में हजारों लोगों ने श्रद्धांजलि दिया। मुखाग्नि उनके ज्येष्ठ पुत्र आलोक कुमार सेठ ने दी। उनकी अंतिम यात्रा में समाज के सभी वर्गों, विभिन्न राजनीतिक दलों और संस्थाओं से सम्बद्ध लोग भारी संख्या में शामिल हुए। स्वभाव से बेहद आत्मीय और मिलनसार होने के साथ साथ वे सम्बन्धों एवं सामाजिक सरोकारों के प्रति अत्यंत संवेदनशील रहे। संतुलित जीवन शैली के हिमायती होने के कारण वे अन्तिम समय तक क्रियाशील रहे। उनके निधन का समाचार सुनते ही व्यापारियों और जन सामान्य में शोक की लहर दौड़ गई। श्री सेठ राजनीतिक दृष्टि से धुर कांग्रेसी और कई वर्षों तक कांग्रेस पार्टी के नगर अध्यक्ष भी रहे लेकिन उनके व्यक्तिगत संबंध विभिन्न विचारधारा से जुड़े लोगों के साथ अत्यंत सौहार्दपूर्ण रहे। लायंस, जेसीज, व्यापार मंडल, मार्निंग वॉकर्स एसोसिएशन आदि विभिन्न संस्थाओं के माध्यम से जीवन पर्यंत समाज के प्रति अपना दायित्व सक्रिय रूप से निभाने वाले महेंद्रनाथ सेठ अपने पीछे तीन पुत्रों सहित भरा-पुरा परिवार छोड़ गए हैं। राम चित्र मंदिर और बालाजी ज्वेलर्स के अधिष्ठाता होने के साथ साथ उन्हें जौनपुर शहर के दो लैंड मार्क जेसीज चैराहा (ओलन्दगंज-टी.डी. कालेज मार्ग) एवं बाला जी चैक (सद्भावना-कचहरी मार्ग) की स्थापना में प्रमुख योगदान देने के लिए भी जाना जाता है।
Related Articles
Comments
- No Comments...