(देहरादून)वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव से सीखने की जरूरत
- 01-Oct-24 12:00 AM
- 0
- 0
देहरादून,01 अक्टूबर (आरएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर हेल्पएज इंडिया की ओर से वृद्धावस्था में होने वाली चुनौतियों और उनके समाधान को लेकर गोष्ठी आयोजित की। इसमें वक्ताओं ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव से सभी को सीख लेनी चाहिए। कार्यक्रम में समाज और परिवार से अलगाव महसूस करने वाले वरिष्ठ नागरिकों के लिए सार्थक और सकारात्मक कदमों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद पैनल चर्चा शुरू हुई। समाधान संस्था की संस्थापक व सीनियर एडवोकेट रेणु डी सिंह ने कहा कि वृद्धावस्था में उम्र के इस नाजुक पड़ाव पर व्यक्ति मानसिक रूप से कमजोर पड़ जाता है। इसीलिए उन्हें सहयोग देना जरूरी है। उनके लिए नेशनल पॉलिसी फॉर ओल्ड पर्सन के तहत ऐसे सिस्टम का निर्माण किया जाना चाहिए, जिससे जरूरत पडऩे पर उन्हें तत्काल मदद मिल सके। उन्होंने बताया कि कोई भी वृद्ध महिला उनकी संस्था द्वारा जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर (9012511119) पर जरूरत पडऩे पर सहायता ले सकती हैं। वरिष्ठ पत्रकार रमेश कुडिय़ाल ने कहा कि वृद्धावस्था में व्यक्ति अकेला हो जाता है। इसलिए उनके लिए सामुदायिक भवन, मनोरंजन के साधन आदि की व्यवस्था होनी चाहिए। ताकि वह भी हमउम्र लोगों से अपना सुख दुख बांट सके। प्रो हर्ष डोभाल ने कहा कि शहरीकरण और पश्चिमीकरण के चलते अब इनका असर हमारे परिवार पर भी पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों में सामाजिक चेतना जगाने के साथ- साथ सरकार को जर्मनी, स्वीडन और जापान जैसे देशों में वृद्धों के लिए बनाई गई नीतियों का अनुसरण करना चाहिए। कर्नल अजय कोठियाल ने कहा कि बुजुर्गों के अनुभवों से हमें हमेशा सीखने की जरूरत होती है। क्योंकि वह हमारे साथ उस घर की छत की तरह होते हैं जो सर्दी- गर्मी से हमारी रक्षा करती है। गढऱत्न नरेंद्र सिंह नेगी ने पहाड़ के पलायन के चलते अकेले रहने वाले वृद्धों के हालातों को बयां करने के लिए अपने कुछ पुराने गीत भी गुनगुनाए। हेल्प एज इंडिया संस्था के राज्य प्रमुख चैतन्य उपाध्याय ने कहा कि यह संस्था पिछले 46 सालों से बुजुर्गों के स्वास्थ्य और विकास के लिए काम कर रही है। कार्यक्रम में कृष्ण अवतार, वैभव बिष्ट, रोहित पंवार, अंजलि, डॉ अंशिका, प्रेम, शाकिब आदि मौजूद रहे।
Related Articles
Comments
- No Comments...