(धनबाद)धनबाद जिला कांग्रेस ने निकाली अंबेडकर सम्मान यात्रा, अमित शाह से माफी और इस्तीफे की मांग

  • 24-Dec-24 12:00 AM

धनबाद 24 दिसंबर (आरएनएस)। धनबाद जिला कांग्रेस कमिटी ने आज बाबासाहेब डॉ0 भीमराव अंबेडकर के सम्मान में अंबेडकर चौक से उपायुक्त कार्यालय तक भव्य अंबेडकर सम्मान यात्रा निकाली। जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। वे बाबा साहेब के चित्र हाथों में लिए और संविधान की रक्षा का संकल्प लेते हुए नारेबाजी कर रहे थे।यात्रा का समापन उपायुक्त कार्यालय के पास हुआ, जहां महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम एक ज्ञापन उप विकास आयुक्त के माध्यम से सौंपा गया। इस ज्ञापन में गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे और उनकी डॉ0 अंबेडकर के प्रति अपमानजनक टिप्पणी के लिए माफी की मांग की गई। जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर का संविधान हमें लोकतांत्रिक अधिकार देता है, लेकिन वर्तमान सरकार इन्हीं अधिकारों का हनन कर रही है। अमित शाह का बयान न केवल अपमानजनक है, बल्कि उनके संविधान विरोधी मानसिकता को भी दर्शाता है। कांग्रेस कार्यकर्ता तब तक संघर्ष करते रहेंगे, जब तक माफी और इस्तीफा नहीं आता। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा फासीवादी सोच की पार्टी है, जो लोकतंत्र में विश्वास नहीं करती। कार्यकारी अध्यक्ष राशिद रजा अंसारी ने भाजपा की संसद में विपक्ष की आवाज दबाने की रणनीति की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि यह पहली बार हुआ है जब संसद में विपक्ष को प्रवेश करने से रोका गया। भाजपा सरकार ने लोकतंत्र को हाईजैक कर लिया है। हमारा संघर्ष इस अत्याचार के खिलाफ जारी रहेगा। झारखंड प्रदेश कांग्रेस महासचिव मदन महतो ने अपनी बात रखते हुए कहा, हम मांग करते हैं कि संसद परिसर के सभी सीसीटीवी फुटेज जारी किए जाएं, ताकि सच्चाई सामने आ सके। यह सरकार विपक्ष की आवाज को कुचलने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष सीता राणा ने कहा कि डॉ0 अंबेडकर का अपमान करने वाले व्यक्ति को संविधान के तहत मंत्री पद पर बने रहने का कोई हक नहीं है। गृह मंत्री अमित शाह को तुरंत अपने शब्दों के लिए माफी मांगनी चाहिए और इस्तीफा देना चाहिए। कार्यक्रम में झारखंड प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सुल्तान अहमद, झारखंड प्रदेश कांग्रेस सचिव सह प्रवक्ता शमशेर आलम, प्रदेश कांग्रेस डेलीगेट मनोज यादव, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सीता राणा, राशिद रजा अंसारी, राजेश्वर यादव, योगेंद्र सिंह योगी, मंटू दास, और सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे। अंबेडकर सम्मान यात्रा में कार्यकर्ताओं ने संविधान की रक्षा और भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। सभी ने एकजुट होकर यह संकल्प लिया कि बाबा साहेब अंबेडकर के विचारों और संविधान की रक्षा के लिए उनका संघर्ष जारी रहेगा।




Related Articles

Comments
  • No Comments...

Leave a Comment