(धमतरी) धमतरी अज़ीम प्रेमजी हाई स्कूल शंकरदाह के विद्यार्थियों ने किया शैक्षणिक भ्रमण

  • 06-Feb-25 12:25 PM

0 प्रकृति को देखा, विज्ञान और तकनीक के बारे में जाना



धमतरी, 06 फरवरी (आरएनएस)। ग्राम शंकरदाह स्थित अज़ीम प्रेमजी हाई स्कूल के विद्यार्थियों का शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया जिसमें विद्यार्थियों ने अपने आसपास के स्थान को देखा और जाना। शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य है की विद्यार्थी शिक्षण प्रक्रिया के साथ-साथ अपने परिवेश को समझें। भ्रमण के माध्यम से बच्चे अपने आसपास की दुनिया को कौतूहल से देखते और समझते हैं। इसी उद्देश्य को दृष्टिगत रखकर शैक्षणिक भ्रमण का कार्यक्रम बनाया गया।
कक्षा-6 से 10 तक के विद्यार्थियों को 3 अलग-अलग ग्रुप में बांटकर 3 स्थानों का चयन किया गया। एक ग्रुप दूरदर्शन केंद्र रायपुर और महंत घासीदास संग्रहालय गया। दूसरा ग्रुप छत्तीसगढ़ विज्ञान केंद्र और दैनिक समाचार पत्र छत्तीसगढ़ के कार्यालय और प्रिंटिंग प्रैस गया। तीसरा ग्रुप नन्दन वन ज़ू नया रायपुर और ऊर्जा पार्क गया। प्रत्येक ग्रुप में 10-10 शिक्षक-शिक्षिका और अन्य स्टाफ साथ में थे।
गत शुक्रवार 31 जनवरी को विद्यार्थियों को शैक्षणिक भ्रमण पर ले जाया गया। ग्रुप-1 दूरदर्शन केंद्र रायपुर में बच्चों ने देखा किस प्रकार से सैटिलाइट के माध्यम से कार्यक्रम का प्रसारण होता है। दूरदर्शन केंद्र के इंजीनियर और अन्य स्टाफ ने कार्यक्रम की रिकॉर्डिंग कैसे की जाती है, और इसके लिए कार्यक्रम के पूर्व क्या तैयारी करनी पड़ती है, बच्चों को समझाया। साथ ही बच्चों ने कार्यक्रम का लाइव प्रसारण के लिए क्या प्रक्रिया होती है, उसे भी जाना। विज्ञान और तकनीक से जुड़ी इस प्रक्रिया पर बच्चों ने सवाल भी किए। इसके पश्चात बच्चों को महंत घासीदास संग्रहालय ले जाया गया। यहाँ पर बच्चों ने अपने प्राचीन इतिहास को देखा और जाना। पुरातन कल की मूर्तियाँ, जीवनशैली, खुदाई में मिले अवशेष को करीब से देखना उनके लिए एक अलग अनुभव था। अपनी किताबों से परे जाकर अपने इतिहास को देखना और समझना उनके लिए कभी न भूलने वाला पल था।
ग्रुप-2 के बच्चे छत्तीसगढ़ विज्ञान केंद्र गए। विज्ञान की दुनिया और छत्तीसगढ़ राज्य की अनेकानेक जानकारियों को एक ही स्थान पर देखना और उनके बारे में जानना उन्हे बेहद रोचक लगा। विज्ञान केंद्र में 3-डी शो और तारामंडल शो ने सबको आश्चर्यचकित किया। साथ ही विज्ञान पर आधारित ढेर सारे मॉडल और प्रयोग आधारित प्रदर्शनी ने उन्हें प्रेरित किया की वे भी ऐसे प्रयोग कर सकते हैं और करके सीख सकते हैं। विज्ञान केंद्र के पश्चात विद्यार्थियों को दैनिक समाचार पत्र "छत्तीसगढ़" के कार्यालय और प्रिंटिंग प्रैस का भ्रमण कराया गया। छत्तीसगढ़ के संपादक श्री सुनील कुमार ने बच्चों के साथ बातचीत की। उन्होने बच्चों के सवालों का जवाब दिया। समाचार पत्र का महत्व और पढऩे-लिखने के शौक से किस प्रकार पेशेवर पत्रकार बन सकते हैं, उन्होने बताया। एक पत्रकार किस प्रकार से खबर को चुनता है उसे लिखता है, इसकी जानकारी भी उन्होने दी। साथ ही उन्होने बताया किस प्रकार समाचार पत्र की प्रिंटिंग होती है।
ग्रुप-3 के बच्चे को नंदनवन ज़ू और ऊर्जा पार्क का भ्रमण कराया गया। प्रकृति और अन्य प्राणियों को देखना बच्चों के लिए खास था। मन को ताजगी देने के लिए पार्क से बेहतर जगह और कोई नहीं हो सकती है, और यदि वह स्थान ऊर्जा पार्क हो तो क्या कहने। ऊर्जा पार्क के हरे भरे पेड़ बच्चों के मन को आनंदित किए । तो वहीं मनोरंजन के लिए झूले, झरने और एडवेंचर की सामग्रियां ने उनके शरीर को तरोताजा कर दिया। साथ ही ऊर्जा के स्त्रोत के संरक्षण के लिए प्रेरित करते मॉडल देखकर बच्चों के मन प्रफुल्लित हो गए।
शैक्षणिक भ्रमण में राज्य प्रमुख सुनील कुमार साह, जिला प्रमुख गुलशन यादव, पुरषोत्तम सिंह और शाला के प्रबंधन समिति के सदस्य बिसराम सिंह, यशवंत देवदास, त्रिवेणी साहू, राजेश्वरी कंवर, विजेश साहू, सुनील कुमार साहू, ममता देवांगन और शाला के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं अन्य स्टाफ का सहयोग  रहा।
0




Related Articles

Comments
  • No Comments...

Leave a Comment