(प्रयागराज)फांसी के फंदे पर महिला का शव लटका मिला
- 25-Sep-25 12:00 AM
- 0
- 0
मायके वालों ने लगाया प्रताडऩा का आरोप प्रयागराज 25 सितंबर (आरएनएस)। कौंधियारा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह लक्ष्मी शुक्ला (26) पत्नी नितेश शुक्ला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। लक्ष्मी दो छोटे बच्चों की मां थी। अचानक हुई इस घटना ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है।सुबह लगभग 9 बजे घर के लोग अपने-अपने कामों में व्यस्त थे। सास मंदिर में पूजा करने गई थी। ससुर अवधेश शुक्ला चाय-पान की दुकान पर थे। पति नितेश शुक्ला और छोटे भाई विकास अपनी किराना दुकान पर मौजूद थे। इसी बीच विकास जब घर लौटा तो उसने देखा कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद है। कई बार आवाज देने के बाद जब दरवाजा नहीं खुला तो उसने बड़े भाई नितेश को बुलाया। दरवाजा तोड़ते ही भीतर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। लक्ष्मी साड़ी के सहारे पंखे से लटकी हुई थी।लक्ष्मी की शादी चार साल पहले खीरी थाना क्षेत्र में हुई थी। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले लक्ष्मी के साथ ठीक व्यवहार नहीं करते थे। समय-समय पर उसे प्रताडि़त किया जाता था। मायके वालों का कहना है कि लक्ष्मी आत्महत्या नहीं कर सकतीं, बल्कि उसे मजबूर किया गया है। उन्होंने ससुराल पक्ष पर आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।थानाध्यक्ष कौंधियारा कुलदीप शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पारिवारिक कलह के बाद महिला ने फांसी लगाई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पूरी तरह से पुष्टि हो सकेगी। मायके पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जांच निष्पक्ष होगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
Related Articles
Comments
- No Comments...