(बस्ती)मिशन शक्ति कार्यक्रम में छात्राओं को दिया आत्मरक्षा, सुरक्षा की जानकारी

  • 06-Oct-25 12:00 AM

नारी सशक्तिकरण को मजबूत कर रहा मिशन शक्ति अभियान - अजय सिंहबस्ती 6 अक्टूबर (आरएनएस)। मिशन शक्ति 5.0 के तहत सोमवार को हर्रैया थाना अंतर्गत बीपीएसडी एकेडमी अमारी बाजार में छात्राओं को महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया गया। हर्रैया विधायक अजय सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी हर्रैया संजय सिंह और थाना प्रभारी हर्रैया तहसीलदार सिंह द्वारा छात्राओं को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा नारी सम्मान, नारी सुरक्षा और नारी स्वावलंबन के परिप्रेक्ष्य में चलाई जा रही विभिन्न परियोजनाओं और सुरक्षा उपायों के संबंध में किए गए प्रबंध के बारे में जानकारी दी गई। उनको सुरक्षा के गुर सिखाए गए तथा सुरक्षा के विभिन्न आयामों से परिचित कराया गया। विधायक ने कहा कि यह अभियान महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास, सुरक्षा की समझ और अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक प्रभावी पहल साबित हो रहा है। कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि एक सुरक्षित और सशक्त समाज की स्थापना हो सके। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्राओं का आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और समाज में नारी सशक्तिकरण के संदेश को मजबूत करते हैं। पुलिस क्षेत्राधिकारी संजय सिंह द्वारा मिशन शक्ति से संबंधित समस्त हेल्प लाइन नंबर्स 1090, 112, 1098, 1076, 1930, 108 और 181आदि की विधिवत जानकारी दी गयी। छात्राओं को मिशन शक्ति के संबंध जानकारी देते हुए कहा कि सरकार ने महिलाओं के उत्थान के लिए विशेष कानूनी व्यवस्था बनाई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहा है, इससे बचने के लिए जागरूकता बेहद आवश्यक है। थाना प्रभारी तहसीलदार सिंह ने कहा कि कोई महिला या बालिका किसी प्रतिकूल या खतरनाक स्थिति का सामना करे, तो उसे चुप नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपनी सुरक्षा के लिए तुरंत कदम उठाने चाहिए। पुलिस प्रोटेक्शन को किसी भी समय, कहीं पर भी अपने आप को सुरक्षित महसूस करते हुए ले सकती हैं । इसके लिए जो महत्वपूर्ण नंबर महिला सुरक्षा से संबंधित जारी हैं, उन पर आप शिकायत कर सकते हैं। शिकायत, नंबर, नाम, पता सब कुछ गोपनीय रखा जाएगा और आपके खिलाफ कर रहे व्यक्ति के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। महिला आरक्षी अंशू और वंदना ने कहा कि समर्थ और सुरक्षित व्यक्तित्व बनने के लिए सशक्त होना भी आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को रोल मॉडल बनने और समाज में उदाहरण प्रस्तुत करने की प्रेरणा दी।




Related Articles

Comments
  • No Comments...

Leave a Comment