(बालोद) नगरीय प्रशासन विभाग की शर्मनाक चूक: मृत उप अभियंता का जारी किया तबादला आदेश, संशोधित सूची जारी

  • 19-Sep-25 05:49 AM


बालोद, 19 सितम्बर (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। विभाग ने हाल ही में जारी तबादला आदेश में एक ऐसे उप अभियंता का नाम शामिल कर लिया, जिनकी मृत्यु दो महीने पहले ही हो चुकी थी। यह मामला दल्लीराजहरा नगर पालिका में पदस्थापित उप अभियंता योगानंद सोम से जुड़ा है, जिन्हें नगर पंचायत तुमगांव में स्थानांतरित करने का आदेश दिया गया था। जानकारी के अनुसार, तबादला सूची जारी होने के बाद जब संबंधित अधिकारियों ने आदेश की पुष्टि की, तो चौंकाने वाली सच्चाई सामने आई। योगानंद सोम का निधन जुलाई 2025 में ही हो गया था, लेकिन विभागीय रिकॉर्ड में उनका नाम अभी भी सक्रिय कर्मचारी के रूप में दर्ज था।


)

इस गंभीर चूक ने न केवल विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि प्रशासनिक रिकॉर्ड प्रबंधन की खामियों को भी उजागर कर दिया है। स्थानीय स्तर पर इस घटना ने हड़कंप मचा दिया है, और कर्मचारियों व जनप्रतिनिधियों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। विभागीय सूत्रों ने बताया कि यह त्रुटि रिकॉर्ड अपडेट न होने के कारण हुई, जिसमें मृत्यु प्रमाण-पत्र की जानकारी उच्च अधिकारियों तक पहुंचने में देरी हो गई। हालांकि, मामला उजागर होते ही विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आदेश को रद्द कर दिया और संशोधित तबादला सूची जारी कर दी। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर कहा, यह एक तकनीकी चूक थी, जिसे सुधार लिया गया है। भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए रिकॉर्ड वेरिफिकेशन प्रक्रिया को और मजबूत किया जाएगा।
बंछोर
000

 




Related Articles

Comments
  • No Comments...

Leave a Comment