(बिलासपुर) शादी का झांसा देकर युवती का दैहिक शोषण, आरोपी 10 घंटे में गिरफ्तार

  • 13-Oct-25 05:36 AM


बिलासपुर, 13 अक्टूबर (आरएनएस)। बिलासपुर में सोशल मीडिया के माध्यम से दोस्ती कर एक युवती के साथ धोखाधड़ी और दैहिक शोषण का गंभीर मामला सामने आया है। आरोपी ने शादी का झूठा वादा कर युवती का शारीरिक शोषण किया और उसका वीडियो बनाकर ब्लैकमेल भी करता रहा। पीडि़ता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को महज़ 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
यह घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है। पीडि़ता, जो अपने गांव से बिलासपुर में पढ़ाई के लिए आई थी, उसकी मुलाकात फरवरी 2025 में साजिद अहमद नामक युवक से सोशल मीडिया के जरिए हुई। दोनों में बातचीत शुरू हुई और जल्द ही साजिद ने युवती को प्रेम जाल में फंसा लिया। घुमाने के बहाने अपने किराए के मकान में ले जाकर उसने शादी का झांसा दिया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
पीडि़त युवती के अनुसार, आरोपी साजिद अहमद ने इस घटना का वीडियो अपने फोन में चुपके से रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद वह वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर फरवरी 2025 से अक्टूबर 2025 तक लगातार युवती को डराता-धमकाता रहा और उसका मानसिक तथा शारीरिक शोषण करता रहा। साथ ही, घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की भी धमकी देता था।
साजिद के लगातार अत्याचारों से तंग आकर आखिरकार पीडि़ता ने अपनी मां को पूरी बात बताई। इसके बाद, पीडि़ता अपनी मां के साथ सरकंडा थाना पहुंची और आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए, एसएसपी रजनेश सिंह ने तत्काल आरोपी को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र जायसवाल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सरकंडा निलेश पाण्डे ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और महज़ 10 घंटे में उसे धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपी साजिद अहमद (25 वर्ष) सूरजपुर जिले के मानपुर थाना क्षेत्र का निवासी है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
बंछोर
000

 




Related Articles

Comments
  • No Comments...

Leave a Comment