
(बीजापुर) जिले में चलाया जा रहा है व्यापक स्तर पर साइबर जागरूकता अभियान
- 29-Sep-25 01:49 AM
- 0
- 0
बीजापुर, 29 सितंबर (आरएनएस)। साइबर अपराधों की रोकथाम एवं नागरिकों को जागरूक करने हेतु पुलिस अधीक्षक डॉ0 जितेन्द्र कुमार यादव के नेतृत्व में जिला बीजापुर में व्यापक साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिला साइबर सेल प्रभारी विवेकानंद पटेल एवं उनकी टीम द्वारा समस्त थाना क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में थाना कोतवाली बीजापुर में व्यापारी संघ के सदस्यों एवं नगर के नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव एवं यातायात नियमों के पालन हेतु जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ0 जितेन्द्र कुमार यादव ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनके समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन ठगी से बचाव के लिए जागरूकता ही सबसे प्रभावी उपाय है। नागरिकों को किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑफर पर विश्वास नहीं करना चाहिए तथा बैंकिंग से जुड़ी जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 1930 या साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं।
थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश शर्मा ने नागरिकों को सोशल मीडिया एवं मोबाइल के माध्यम से होने वाले अपराधों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अजनबियों से मित्रता कर व्यक्तिगत जानकारी साझा करना जोखिमपूर्ण हो सकता है।
साइबर सेल प्रभारी विवेकानंद पटेल ने बताया कि वर्तमान में जिले में ऑनलाइन ठगी, फेक कॉल एवं सोशल मीडिया फ्रॉड जैसी घटनाएँ बढ़ रही हैं। साइबर सेल द्वारा लगातार जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से नागरिकों को सुरक्षा उपायों की जानकारी दी जा रही है।
जिला पुलिस बीजापुर नागरिकों से अपील करती है कि सतर्क रहें, जागरूक रहें और साइबर अपराधों से स्वयं को सुरक्षित रखें।
0
Related Articles
Comments
- No Comments...