(बोकारो)तेनुघाट-पेटरवार मार्ग पर बलेनो और टेंपो की टक्कर, आठ यात्री घायल
- 14-Jul-25 12:00 AM
- 0
- 0
बोकारो 14 जुलाई (आरएनएस)। जिले के तेनुघाट-पेटरवार मुख्य मार्ग पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यह दुर्घटना पुटकाडीह के पास उस समय घटी, जब एक बलेनो और टेंपो आमने-सामने से टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो में सवार सभी आठ यात्री घायल हो गए। वहीं बलेनो का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सुरक्षा की दृष्टि से उसके एयरबैग भी खुल गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार बोलेरो गाड़ी संख्या जे एच 09 ए एच 9058 खूंटा बाबा में पूजा-अर्चना कर बोकारो लौट रही थी। उसी समय सामने से आ रही टेंपो गाड़ी संख्या जे एच 24 पी 8135, जो गोमिया से बुढ़ानगोड़ा की ओर जा रही थी, से जोरदार टक्कर हो गई। टेंपो में कुल आठ यात्री सवार थे, जो सभी घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन हरकत में आया। अनुमंडल पदाधिकारी मुकेश मछुवा ने तत्परता दिखाते हुए एक अन्य टेंपो की व्यवस्था कर सभी घायलों को तत्काल पेटरवार अस्पताल पहुंचाया। बलेनो में सवार चार अन्य लोगों को भी सार्वजनिक सुरक्षा की दृष्टि से पेटरवार थाना भेजा गया। पेटरवार के प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष महतो और थाना प्रभारी राजू कुमार मुंडा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। थाना प्रभारी ने बताया कि घायलों में से एक व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बोकारो सदर अस्पताल रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज पेटरवार अस्पताल में चल रहा है और सभी की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
Related Articles
Comments
- No Comments...