(भोपाल)कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं का अपमान किया है-संपतिया उइके

  • 26-Aug-25 12:00 AM

भोपाल 26 अगस्त (आरएनएस)। मध्यप्रदेश शासन की मंत्री संपतिया उइके, निर्मला भूरिया, कृष्णा गौर, पूर्व मंत्री, प्रदेश महामंत्री व सांसद कविता पाटीदार, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद माया नारोलिया, प्रदेश प्रवक्ता व विधायक अर्चना चिटनीस एवं विधायक रीति पाठक ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा प्रदेश की बहनों को लेकर दिए गए आपत्तिजनक बयान को घोर निंदनीय बताया है। उन्होंने कहा कि उनका बयान मध्यप्रदेश की समस्त बहनों का अपमान है। यह बयान कांग्रेस की महिला विरोधी और महिलाओं को दूषित दृष्टि से देखने वाली चरित्र को पुन: प्रमाणित करता है। आज जब प्रदेश की बहनें सात्विक श्रद्धा से हरितालिका तीज का व्रत रख रही हैं, ऐसे पावन अवसर पर उन्हें शराबी कहकर संबोधित करना न केवल बहनों का, बल्कि हमारी भारतीय संस्कृति और आस्था का भी घोर अपमान है।मध्यप्रदेश शासन की मंत्री संपतिया उइके ने कहा कि जीतू पटवारी का महिला विरोधी बयान अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस की संस्कृति हमेशा महिलाओं का अपमान करने की रही है। मध्यप्रदेश में भाजपा के लिए बहना लाडली होती हैं, वहीं कांग्रेस के लिए शराबी बहना होती है। जब कांग्रेस की सरकार आई थी उस दौरान प्रदेश की बहनों के साथ कांग्रेस ने छलावा किया था। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव महिलाओं को सम्मान देकर मुख्यधारा से जोडऩे का काम कर रहे है, वहीं कांग्रेस पार्टी और जीतू पटवारी उनका अपमान कर रहे है।मध्यप्रदेश शासन की मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि जीतू पटवारी का बयान बहुत ही शर्मनाक है। आज हरतालिका तीज हैं, बहनें निर्जला उपवास करती हैं, ऐसे समय में इस तरह का बयान देना प्रदेश की बहनों का अपमान है। भाजपा महिलाओं का सम्मान करती है और उनके सशक्तीकरण के लिए लगातार प्रयास कर रही है, वहीं कांग्रेस उनका लगातार अपमान कर रही है। मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार के कार्यक्रम कन्यापूजन से शुरू होते रहे हैं। जबकि कांग्रेस में महिलाओं को कभी तंदूर में जलाया जाता है, तो कभी आत्महत्या करने पर विवश कर दिया जाता है।मध्यप्रदेश शासन की मंत्रीकृष्णा गौर ने कहा कि कांग्रेस और उसके अध्यक्ष जीतू पटवारी ने एक बार फिर अपना चाल, चरित्र और चेहरा उजागर कर दिया है। कांग्रेस की संस्कृति हमेशा से महिलाओं का अपमान करने की रही है। कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी स्वयं महिला हैं, क्या जीतू पटवारी के बयान से वह सहमत हैं। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जब तक महिलाओं से माफी नहीं मांगेंगे, उन्हें प्रदेश की बहनें कभी माफ नहीं करेंगी। मध्यप्रदेश की बहने अपना अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगी और आने वाले समय में कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं को सबक सिखाने के लिए तैयार रहेगी। जीतू पटवारी अपने दिए हुए बयान के लिए तत्काल मांफी मांगे।भाजपा की प्रदेश महामंत्री व सांसद कविता पाटीदार ने कहा कि आज हरतालिका तीज के पवित्र दिन कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा दिया गया बयान बेहद निंदनीय है। बहनों का अपमान करना कांग्रेस की प्रवृत्ति रही है। जीतू पटवारी हमेशा यह कहते हैं कि मध्यप्रदेश में राहुल गांधी के इशारे पर कांग्रेस पार्टी काम करती है, तो क्या आज उनके द्वारा महिला विरोधी बयान भी राहुल गांधी के इशारे पर दिया गया है। जीतू पटवारी के इस बयान से समस्त बहनें अपमानित महसूस कर रही हैं। पटवारी का बयान मध्यप्रदेश की बहनों की संस्कृति और संस्कारों का अपमान है। प्रदेश की बहनें उनके इस बयान की घोर निंदा करती हैं और यह मांग करती हैं कि जीतू पटवारी तत्काल बहनों से माफी मांगें।भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष व सांसद माया नारोलिया ने जीतू पटवारी के बयान की घोर निंदा करते हुए कहा कि उन्हें होश में रहकर बात करनी चाहिए। कांग्रेस के नेता आए दिन महिलाओं का अपमान कर रहे हैं। कांग्रेस नेताओं की अमर्यादित भाषा यह बताती है कि आपकी मानसिकता शुरू से महिला विरोधी रही है। अभी हाल ही में कांग्रेस के एक नेता ने लाडली बहनों को बोरी में बंद करने की बात कही थी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा अब प्रदेश की महिलाओं को शराबी बताया जा रहा है, जो कांग्रेस द्वारा लगातार किए जा रहे महिला अपमान की श्रृंखला में एक और कड़ी है। प्रदेश की महिलाओं को प्रमाण पत्र देने वाले जीतू पटवारी कौन होते हैं? मध्यप्रदेश वह राज्य है जहां महिलाओं को सम्मान देने के साथ उन्हें देवी स्वरूप समझा जाता है। जीतू पटवारी अपने बयान के लिए माफी मांगें नहीं तो महिला मोर्चे की बहनें सड़कों पर उतरकर विरोध करेंगी।मध्यप्रदेश शासन की पूर्व मंत्री, प्रदेश प्रवक्ता व विधायक अर्चना चिटनीस ने कहा कि आज देश और प्रदेश में हरतालिका तीज का पर्व मनाया जा रहा है और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने महिला विरोधी बयान देकर उन बहनों को आक्रोशित किया है। आज के दिन तो महिलाएं पानी भी नहीं पीतीं और जीतू पटवारी कह रहे हैं कि वो सबसे ज्यादा शराब पीतीं हैं। यह हमारे पूरे प्रदेश की बहन-बेटियों का अपमान है। कांग्रेस नेता प्रदेश में लगातार हार का सामना कर रहे हैं, इसलिए बौखलाहट में गलत बयानबाजी करके सुर्खियां में बने रहना चाहते हैं। जीतू पटवारी हीनभावना से ग्रसित हैं और उन्हें कुछ सूझ नहीं रहा है। यह सिर्फ बहनों का नहीं, उनकी पहचान, संस्कार और पूरी परिवार व्यवस्था का अपमान है और आज पूरा प्रदेश अपमानित महसूस कर रहा है।भाजपा की विधायक रीति पाठक ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने हरतालिका तीज व्रत के दिन महिलाओं पर अपमानजनक टिप्पणी करके उनका घोर अपमान किया है। कांग्रेसी और जीतू पटवारी देश, प्रदेश और क्षेत्र की बहनों पर हमेशा अमर्यादित टिप्पणी करते रहे हैं। जीतू पटवारी ने हमारे आदर्श रानी दुर्गावती, अहिल्याबाई होल्कर, झलकारी बाई, रानी अवंती बाई सहित प्रदेश की हर बहनों पर प्रहार किया है। सोनिया गांधी जो परोक्ष व अपरोक्ष रूप से आज भी कांग्रेस को लीड करती हैं, क्या वे जीतू पटवारी के इस महिला विरोधी बयान से सहमत हैं। जीतू पटवारी अपने इस बयान के लिए प्रदेश की महिलाओं से सार्वजनिक माफी मांगें नही तो उनके इस कृत्य को सोनिया गांधी की मौन सहमति समझी जाएगी। पटवारी का बयान सिर्फ बहनों का ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश का अपमान है। इस निंदनीय बयान के लिए जीतू पटवारी को प्रदेश की बहनों से माफी मांगनी चाहिए।




Related Articles

Comments
  • No Comments...

Leave a Comment