(भोपाल)जल गंगा संवर्धन अभियान में प्रथम पुरस्कार शहर की जनता जनार्दन के सार्थक प्रयासों का परिणाम-महापौर
- 05-Jul-25 12:00 AM
- 0
- 0
भोपाल,05 जुलाई (आरएनएस)। महापौर मालती राय ने कहा है कि जल गंगा संवर्धन अभियान में नगर निगम भोपाल को जो प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ है वह शहर की जनता द्वारा अपने शहर की जल संरचनाओं के संरक्षण के प्रति संवेदनशील होने तथा जल संरचनाओं की साफ-सफाई हेतु किये गये सार्थक प्रयासों का परिणाम है। महापौर राय ने यह विचार जल गंगा संवर्धन अभियान में प्रथम पुरस्कार प्राप्त होने पर शहर के विभिन्न रहवासी संघों के पदाधिकारियों द्वारा किये गये स्वागत कार्यक्रम में व्यक्त किये। महापौर राय ने रहवासी संघों के साथ ही सभी शहरवासियों के प्रति आभार भी व्यक्त किया। इस अवसर पर महापौर परिषद के सदस्य एवं भाजपा जिला अध्यक्ष रविन्द्र यती सहित विभिन्न रहवासी संघों के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद थे।जल गंगा संवर्धन अभियान में भोपाल नगर निगम को प्रथम पुरस्कार प्राप्त होने पर शहर के विभिन्न रहवासी संघों के पदाधिकारियों ने शनिवार को श्यामला हिल्स स्थित जलकार्य विभाग कार्यालय के सभाकक्ष में महापौर मालती राय का विशाल पुष्पमाला से स्वागत किया एवं झीलों की नगरी के जल स्त्रोतों एवं जल संरचनाओं के संरक्षण संवर्धन हेतु महापौर राय के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। महापौर राय ने इस अवसर पर नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान हो या स्वच्छ भारत अभियान शहर के नागरिकों ने सदैव ही निगम कार्यों में सहयोग किया है और अपने शहर का मान-सम्मान बढ़ाया है। महापौर मालती राय ने निगम द्वारा जनसुविधा एवं विकास कार्यों में नागरिकों से सहयोग का आव्हान करते हुए कहा कि हमारा प्रयास है कि हम शहर की जनता के सहयोग से भोपाल शहर देश का सबसे स्वच्छ शहर बनाये और यहां की नैसर्गिक सुंदरता में और अधिक वृद्धि करें।इस मौके पर रहवासी संघों के पदाधिकारियों ने शहर की स्वच्छता एवं सुंदरता में वृद्धि हेतु निगम कार्यों में हर संभव प्रयास का आश्वासन भी दिया।
Related Articles
Comments
- No Comments...