(भोपाल)जीतू पटवारी पर एफआईआर, अशोक नगर में सामूहिक गिरफ्तारी देगी कांग्रेस
- 06-Jul-25 12:00 AM
- 0
- 0
भोपाल 6 जुलाई (आरएनएस)। मध्यप्रदेश के अशोक नगर में 8 जुलाई को कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन आयोजित किया गया है। इस दिन प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी पर की गई एफआइआर के विरोध में कांग्रेस ने सामूहिक गिरफ्तारी देने का ऐलान किया है जिसमें पूरे राज्य से कार्यकर्ता शामिल होंगे। एमपी कांग्रेस के प्रदेश मीडिया प्रभारी मुकेश नायक ने आरोप लगाया है कि कांग्रेसियों को रोकने के लिए प्रशासन दमनात्मक उपाय कर रहा है। उन्हें होटलों में नहीं रुकने दिया जा रहा। मुकेश नायक ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के प्रस्तावित प्रदर्शन से प्रशासन और सरकार इतनी घबरा गई है कि अशोकनगर में 1000 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को तैनात किया जा रहा है।प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी के खिलाफ हुई एफआईआर के विरोध में अशोक नगर थाने में कांग्रेसियों की सामूहिक गिरफ्तारी के संबंध में रविवार को प्रदेश कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने जिस अधिनियम के तहत यह आदेश जारी किया है, वह किसी संकटकालीन स्थिति में लागू होता है। लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता तो खुद पुलिस का सहयोग कर रहे हैं और गिरफ्तारी देने को तैयार हैं।दरअसल अशोकनगर जिले के निवासी गजराज लोधी ने भाजपा के एक कार्यकर्ता पर मारपीट करने और मल खिलाने का आरोप लगाया था। जब 25 जून को जीतू पटवारी ओरछा दौरे पर थे, तब युवक ने उनसे मिलकर गांव में हुई मारपीट की शिकायत की थी। लेकिन बाद में युवक ने जीतू पटवारी पर उसे बहकाकर शिकायत करवाने का आरोप लगाया था। इसके बाद पुलिस ने जीतू पटवारी पर एफआईआर की। इसी के चलते पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने कहा था कि 7 जुलाई तक एफआईआर वापस नहीं ली जाती है, तो 8 जुलाई को पूरी कांग्रेस अशोकनगर थाने जाकर गिरफ्तारी देगी।मुकेश नायक ने कहा कि युवक के कई वीडियो पब्लिक डोमेन पर मौजूद है, जिसमें वो न्याय की गुहार लगा रहा है। लेकिन जब एक विपक्ष के नेता जीतू पटवारी ने उसकी बात सुनी तो पुलिस ने आरोपियों को पकडऩे के बजाए उन्हीं के खिलाफ शिकायत दर्ज कर दी। इससे पता चलता है कि यह सरकार विपक्षी नेताओं को निशाना बनाकर लोकतांत्रिक अधिकारों को कुचल रही है।नायक ने कहा कि अशोकनगर के 2000 से ज्यादा कार्यकर्ताओं ने अपने घरों के बाहर कांग्रेस का घर लिख दिया है। साथ ही जीतू पटवारी समेत कई कांग्रेस नेता 8 जुलाई को ही अशोक नगर पहुंचेंगे। इससे पता चलता है कि कांग्रेस किसी पर निर्भर नहीं है। वह एकजुट होकर लड़ेगी।मुकेश नायक ने कहा कि कांग्रेस का आंदोलन कोई नई बात नहीं है। जब मैं युवा कांग्रेस का अध्यक्ष था, तब हमने एक दिन में 89 हजार लोगों की गिरफ्तारी दी थी। चार स्टेडियमों को अस्थायी जेल बनाना पड़ा था, लेकिन कहीं कोई हिंसा नहीं हुई।उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार विपक्षी नेताओं, उनके रिश्तेदारों और यहां तक कि सरकारी नौकरी करने वालों को भी टारगेट कर रही है।मुकेश नायक ने कहा कि यह वही नीति है, जैसी ब्रिटिश शासनकाल में थी। जैसे झांसी की रानी के शासनकाल में अंग्रेजों ने डॉक्ट्रिन ऑफ लैप्स लागू कर झांसी पर कब्जा किया था। यह अधिनियम आपदा के समय लागू होता है, आंदोलन कुचलने के लिए नहीं।
Related Articles
Comments
- No Comments...