(भोपाल)जैन समाज ने संत तारण स्वामी की जयंती भक्तिभाव से मनाई

  • 19-Dec-23 12:00 AM

भोपाल।(आरएनएस)।राजधानी में तारण तरण जैन समाज ने संत तारण स्वामी की जयंती भक्तिभाव से मनाई। इस अवसर पर शहर के श्री चैत्यालय जी में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। अशोका गार्डन स्थित तारण तरण दिगंबर जैन चैत्यालय में मां जिनवाणी को चांदी की पालकी में विराजमान कर शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। सदभावना महिला मंडल ने बैंड की प्रस्तुति दी। अशोका गार्डन चैत्यालय में अगले तीन दिन तक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।सद्भावना महिला मंडल की अध्यक्ष मीना दुष्यंत जैन ने बताया कि शोभायात्रा में जिनवाणी जी को पालकी में विराजमान किया गया, जिसे श्रद्धालु अपने कंधे पर उठाकर जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। केसरिया परिधान में संगीतमय भजन कर रहे थे। शोभायात्रा चैत्यालय से प्रारंभ हुई, जो अशोका गार्डन में विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए वापस चैत्यालय जी पहुंची। जगह-जगह शोभायात्रा का स्वागत सत्कार हुआ। शोभायात्रा में भोपाल के साथ अन्य शहर से भी श्रद्धालु पहुंंचे।सद्भावना महिला मंडल के बैंड की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। जिसमें महिलाएं महाराष्टीयन वेशभूषा में जयकारे लगाते हुए बैंड की प्रस्तुति दे रही थीं। महिलाओं ने सभी जिम्मेदारियां निभाईं। भोजन व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पालकी जी शोभायात्रा में महिलाओं का योगदान रहा। जिसकी तैयारियां महीनों पहले से चल रही थीं। चैत्यालय समिति अशोक गार्डन के अध्यक्ष संदीप जैन, युवा मंडल अध्यक्ष राजू सलैया, महामंत्री प्रवीण जैन, दीपक जैन, रवि जैन, आदेश जैन, प्रदीप जैन, राजू बरेली आदि उपस्थित थे। इस मौके पर समाज के पत्रकारों एवं प्रशासनिक अधिकारियों को सम्मान पत्र भेंट किए गए।




Related Articles

Comments
  • No Comments...

Leave a Comment