(भोपाल)देश का पहला कचरा कैफे स्थापित करने वाला नगरीय निकाय बना नगर निगम भोपाल

  • 14-Aug-25 12:00 AM

भोपाल 14 अगस्त (आरएनएस)। महापौर मालती राय ने कहा है कि शहर की स्वच्छता के साथ ही स्वसहायता समूह की बहनों के हुनर को प्रोत्साहित कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर आत्मनिर्भर बनाना हमारा उद्देश्य है। यह विचार महापौर मालती राय ने 10 नंबर मार्केट अरेरा कालोनी में देश में अपने किस्म के पहले कचरा कैफे का लोकार्पण करते हुए व्यक्त किए। यह कचरा कैफे स्थापित करने वाला नगर निगम भोपाल देश का पहला नगर निगम बन गया है। महापौर राय ने कहा कि नगर निगम द्वारा बोट क्लब एवं बिट्टन मार्केट पर भी शीघ्र ही कचरा कैफे प्रारंभ किये जाएंगे। कचरा कैफे के लोकार्पण अवसर पर अपर आयुक्त देवेन्द्र सिंह चैहान, महापौर परिषद के सदस्य आर.के.सिंह बघेल एवं सुषमा बावीसा, पूर्व विधायक ध्रुवनारायण सिंह, जोन अध्यक्ष बाबूलाल यादव, विमलेश ठाकुर, सूर्यकांत गुप्ता, पार्षद शिखा गोहल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय व्यवसायी व नागरिकगण तथा स्वसहायता समूह की बहनें मौजूद थी।महापौर मालती राय ने बुधवार को देर शाम अरेरा कालोनी 10 नंबर मार्केट के समीप स्थापित कचरा कैफे का लोकार्पण किया। नगर निगम द्वारा स्वसहायता समूह की बहनों के हुनर को प्रोत्साहित कर उनके आर्थिक सशक्तिकरण व आत्मनिर्भरता के उद्देश्य से एक अनूठा नवाचार करते हुए कचरा कैफे की अवधारणा को मूर्तरूप दिया गया है। कचरा कैफे की स्थापना के पीछे स्वच्छता, बेहतर कचरा प्रबंधन एवं कचरे के पृथक्कीकरण व कचरे को जीविका उपार्जन एवं आर्थिक सशक्तिकरण का एक साधन समझने की आदत विकसित करना भी एक उद्देश्य है।नगर निगम, भोपाल द्वारा स्थापित कचरा कैफे में नागरिक पुराने समाचार पत्र/मैगजीन व अन्य प्रकार की रद्दी, इलेक्ट्रिक एवं इलेक्ट्रानिक्स की अनुपयोगी वस्तुएं, पुराने कपड़े आदि देने हेतु बनाये गए एप्प को डाउनलोड करके उस एप्प पर कचरे का फोटो सेंड कर सकते है इस कचरे को घर से एकत्र कर निर्धारित दरों के आधार पर पाइंट्स देने की व्यवस्था निगम द्वारा की गई है नागरिक चाहे तो कचरा/अनुपयोगी वस्तुएं कचरा कैफे पर सीधे लाकर भी दे सकते हैं।




Related Articles

Comments
  • No Comments...

Leave a Comment